मनाली. सर्दियों में देशी-विदेशी सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल सोलंग के अंजनी महादेव में बर्फ के शिवलिंग का आकार आकर्षक हो गया है। सोलंगनाला मैदान में पहुंचने वाले पर्यटक अंजनी महादेव में भी दस्तक दे रहे हैं तथा बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन कर रहे हैं।
अंजनी महादेव में तापमान शून्य से नीचे होते ही आकार में तेजी से बढ़ोतरी होना शुरू हो गई है तथा लगातार शिवलिंग का आकर बढ़ रहा है। हालांकि शिवलिंग का आकार पहले से ही बनना शुरू हो गया था, लेकिन इसके आकार में तेजी से बढ़ोतरी होना अब शुरू हुई है। शिवलिंग पर नियमित रूप से प्राकृतिक झरना गिर रहा है, जो गिरते ही बर्फ बनकर शिवलिंग का रूप धारण कर रहा है। पारा जितना माइनस में जाएगा शिवलिंग का आकार उतनी तेजी से बढ़ेगा। सोलंग के धार्मिक पर्यटन स्थल अंजनी महादेव में रोजाना सैकड़ों पर्यटक दस्तक दे रहे हैं।
अंजनी महादेव मंदिर तक अधिकांश पर्यटक व श्रद्धालु घोड़ों पर बैठकर दस्तक दे रहे हैं, जिससे सोलंग में स्थानीय व्यवसायियों का कारोबार भी चल पड़ा है। पर्यटन कारोबारी रवि ठाकुर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अंजनी महादेव में पर्यटक श्रद्धालुओं की तादात बढऩे लगी है। उन्होंने कहा कि सोमवार को टैक्सी सेवा बंद रहने से रौनक कम रही। नियमित रुप से मंदिर में रह रहे बाबा रवि पुरी का कहना है कि शिवलिंग का आकार आकर्षक हो गया है तथा यहां भक्तों का सैलाब उमडऩे लगा है। उनका कहना है कि शिवलिंग भव्य आकार लेता जा रहा है तथा लगभग 20 फुट तक उंचा हो गया है। उनके अनुसार शिवरात्री के दौरान अंजनी महादेव में हजारों पर्यटकों के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आगे की स्लाइड्स में देखें बर्फ से ढ़के हिमाचल प्रदेश का हाल