चंडीगढ़। अप्रूव सब्जेक्ट कंबिनेशन न होने पर भी ईटीटी टीचर सोशल स्टडी मास्टर की प्रमोशन का हकदार है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने यह फैसला दिया है। सुनवाई में कहा, पंजाब सरकार का इस मामले में मनमाना रवैया है जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। जस्टिस महेश ग्रोवर ने ऐसे ही एक मामले में प्रमोशन न देने पर पंजाब सरकार पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाते हुए टीचर को प्रमोशन देने के साथ जुर्माना राशि भी अदा करने के निर्देश दिए।
ईटीटी टीचर संजीव अरोड़ा की तरफ से दाखिल याचिका में कहा गया कि सरकार द्वारा अप्रूव सब्जेक्ट कंबिनेशन न होने पर उन्हें प्रमोशन नहीं दी जा रही थी। बीए के साथ सब्जेक्ट कंबिनेशन न होने पर उनकी प्रमोशन को नकार दिया गया। ऐसे में उनसे जूनियर टीचर प्रमोशन का लाभ ले चुके हैं लेकिन उन्हें सब्जेक्ट कंबिनेशन न होने का हवाला देकर प्रमोशन नहीं दी जा रही।
जस्टिस ग्रोवर ने फैसले में कहा कि पंजाब सरकार ने सब्जेक्ट कंबिनेशन की अनिवार्यता पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। ऐसे में याची की प्रमोशन का हक उससे नहीं छीना जा सकता। याची ने अपनी योग्यता में सुधार किया और नौकरी के दौरान एम कॉम व बीएड डिग्री भी हासिल की। ऐसे में उसे सोशल स्टडी मास्टर की प्रमोशन से वंचित नहीं रखा जा सकता। समय-समय पर पंजाब सरकार सब्जेक्ट कंबिनेशन में बदलाव करती है। सरकार का रवैया प्रमोशन को लेकर मनमाना से भी कुछ बढ़कर है। ऐसे में याची की प्रमोशन उनके जूनियर टीचर को दिए प्रमोशन के समय से लागू किया जाए।
कंपल्सरी पंजाबी की जगह फंक्शनल के पेपर बांटे, बाद में रद्द करना पड़ा
बीए, बीएससी, बीटेक के पांचवें सेमेस्टर में कंपल्सरी यानी लाजमी पंजाबी की जगह फंक्शनल पंजाबी के क्वेशचन पेपर बांट दिए गए। क्वेशचन पेपर में ऊपर लिखा था कंपल्सरी पंजाबी, नीचे लिखा था फंक्शनल पंजाबी। सिर्फ यही नहीं जो फंक्शनल पंजाबी का पेपर था वह भी आउट ऑफ सिलेबस था। उसमें ज्यादातर सवाल पहले सेमेस्टर के सिलेबस से आए थे। टीचर्स ने सारी जानकारी यूनिवर्सिटी को बताई जिसके बाद पेपर रद्द कर दिया गया।
बीडीआर्य की प्रिंसिपल डॉ. सरिता वर्मा ने बताया कि तीन बजे ईमेल के जरिए जीएनडीयू ने पेपर रद्द करने की सूचना जारी की। जीएनडीयू के रजिस्ट्रार डॉ. शरणजीत सिंह ढिल्लों ने कहा, सारे 166 सेंटर्स में पेपर रद्द कर दिया गया है। जांच कमेटी बताएगी- गलती कहां हुई। अब सभी ग्रेजुएशन क्लासेज के करीब 30 हजार बच्चों का कंपल्सरी पंजाबी का पेपर 14 दिसंबर को ईवनिंग शिफ्ट यानी डेढ़ से साढ़े चार बजे तक होगा।
डिप्टी रजिस्ट्रार ने कहा, पेपर नहीं आता तो लिख दें आउट सिलेबस
एसडी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. किरण अरोड़ा ने बताया कि जब यूनिवर्सिटी की एग्जामिनेशन ब्रांच के डिप्टी रजिस्ट्रार को इस बारे बताया गया तो उन्होंने कहा, बच्चों को कहो शोर न मचाएं, पेपर करें और जब न आए तो नीचे लिख दें आउट ऑफ सिलेबस। हालांकि पांच मिनट बाद जब उन्हें लगा कि यह रूटीन आउट ऑफ सिलेबस पेपर आना नहीं है तो पेपर रद्द करने के लिए कहा।