जालंधर। जिले की 11 नगर कौंसिलों में से 8 के चुनाव इसी महीने 25 फरवरी को होंगे। इसके लिए मंगलवार से नामांकन भरने का सिलसिला शुरू होगा, जोकि 13 फरवरी तक चलेगा। तीन कस्बों भोगपुर, गोराया और शाहकोट नगर कौंसिलों का अभी समय खत्म नहीं हुआ है, वह अपना काम करती रहेंगी।
जिला चुनाव अधिकारी डीसी कमल किशोर यादव ने बताया कि जिले की इन आठ कौंसिलों में लोहियां खास के 13, नूरमहल के 13, आदमपुर के 13, करतारपुर के 15, अलावलपुर के 11, फिल्लौर के 15, नकोदर के 17 और मेहतपुर के 13 वार्डों के लिए 110 पार्षदों का चुनाव किया जाएगा। इनमें 45 सीटें अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों और 8 सीटें पिछड़ी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। 57 सीटों पर जनरल उम्मीदवार चुने जाएंगे। 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। कुल 38 महिला पार्षद चुन कर आएंगी। इनमें 20 जनरल और 18 आरक्षित होंगी।
यादव ने बताया कि नामांकन मंगलवार से शुरू हो जाएंगे। सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे। 14 फरवरी को दस्तावेजों की पड़ताल होगी। उम्मीदवारों 16 तक नाम वापस ले सकते हैं। 25 को वोटिंग के बाद उसी शाम को नतीजे घोषित होंगे।