फगवाड़ा. अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 15 से ज्यादा गोल्ड मेडल जीतकर लोहा मनवा चुके 68 वर्षीय युवा धावक अवतार सिंह डोड ने चंडीगढ़ वेटरन एथलेटिक चैंपियनशिप में एक सोने और एक चांदी का पदक जीता है। इससे पहले गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी की ओर से 35वीं पंजाब मास्टर्स चैंपियनशिप में 2 सोने के मेडल जीते थे। फगवाड़ा आकर पंजाब बुल्स जिम में अवतार सिंह डोड का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर पंडित रवि दत्त शर्मा और सतीश प्रभाकर सहित क्लब के युवा सदस्य मौजूद रहे।
8 दिसंबर को चंडीगढ़ में वेटरन एथलेटिक चैंपियनशिप हुई थी। इसमें 800 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल और 200 मीटर दौड़ में चांदी का पदक हासिल किया। इसी प्रकार 9 दिसंबर को गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर में 35वीं पंजाब मास्टर्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल, 800 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल, 400 और 300 मीटर हर्डल कांस्य पदक प्राप्त किया। इसके अलावा 27 जून 2014 को अलवर में समाप्त हुई युवरानी एथलेटिक्स समिति की पांचवीं राष्ट्रीय मिनी मैराथन में 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल, 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक और 200 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान हासिल किया। 5 किलोमीटर की वॉकिंग रेस में रजत पदक हासिल किया है। इससे पूर्व 24 नवंबर को स्पोट्स कांप्लेक्स चंडीगढ़ में हुई चैंपियनशिप में 65 प्लस कैटेगरी में अवतार सिंह ने अपने प्रतिद्वंदियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में अवतार सिंह मात्र 2 सेकेंड से चूक गए और सिल्वर मेडल मिला।इससे पूर्व मार्च 2013 में चंडीगढ़ में हुई हुई 33वीं वेटरन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अवतार सिंह ने 400 मीटर व 200 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीता अवतार सिंह के साथ दौड़ने वालों में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल थे। अपने जज्बे व दमखम के बल पर अवतार सिंह ने अन्य सभी को पछाड़ते हुए गोल्ड मेडल हासिल किए।
इससे पहले अवतार सिंह दिसंबर 2013 में 33वीं पंजाब मास्टर्स एथलेटिक्स मीट में 300 मीटर, 100 मीटर, हर्डल रेस, 100 मीटर रेस में प्रथम स्थान हासिल करते हुए गोल्ड मैडल अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में उनके मुकाबले में 30 साल के खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया था परंतु अवतार सिंह ने उन्हें भी पछाड़ दिया।