गोराया. सरकारी एलिमेंटरी स्कूल ढंडा में आठवीं कक्षा में पढ़ते स्टूडेंट बलबीर चंद ने फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश की। स्टूडेंट और उसके माता-पिता ने टीचर्स पर बेटे को पिटने और लगातार तंग करने का आरोप लगाया। माता कमलेश रानी ने आरोप लगाया कि दो महीने से स्कूल अध्यापक बेटे की पिटाई कर रहे थे। मंगलवार को बेटा देरी से स्कूल पहुंचा तो डंडे और लात से पिटाई की गई और घर भेज दिया।
जब वह स्कूल में बेटे को घर भेजने का कारण पूछने गई तो बताया कि उसके बेटे का चाल-चलन सही नहीं है। वह अनुशासन में नहीं रह रहा। इसलिए स्कूल से निकाला गया। इससे परेशान होकर बेटे ने सुबह करीब दस बजे फिनाइल पी ली। उसे एक निजी अस्पताल में लाया गया। अब उसकी हालात में सुधार है।
होश में आने के बाद स्टूडेंट बलबीर ने फिजिकल एजुकेशन के टीचर जसदीप सिंह भोगल और एक मैडम पर पिछले काफी समय से मारपीट और तंग करने के आरोप लगाए। मंगलवार को भी घर भेज दिया। इससे तंग आकर उसने फिनाइल पी ली। बेटे के पिता बुटा राम ने बताया कि जब वह इस बारे में बात करने स्कूल पहुंचा तो अध्यापकों ने पुलिस बुलाकर गाली-गलौज का आरोप लगाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
मैं तो मेडिकल लीव पर हूं
जब अध्यापक जसदीप सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह पिछले दो दिन से मेडिकल लीव पर हैं। स्कूल में क्या हुआ इसकी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने स्टूडेंट पर कभी हाथ नहीं उठाया।