- Hindi News
- व्यापारियों ने पूल करके बासमती के दाम 1100 रुपए गिराए : लक्खोवाल
व्यापारियों ने पूल करके बासमती के दाम 1100 रुपए गिराए : लक्खोवाल
पंजाबमंडी बोर्ड के चेयरमैन अजमेर सिंह लक्खोवाल ने धान व्यापारियों पर पूल करके बासमती के दाम गिराने का आरोप लगाया है। सर्किट हाउस पहुंचे लक्खोवाल ने कहा कि पिछले साल के मुकाबले बासमती के दाम 1100 रुपए कम मिलने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। 3300 रुपए प्रति क्विंटल में बिकी बासमती इस साल मात्र 2200 रुपए क्विंटल बिकी।
लक्खोवाल ने कहा कि इस पूल को तोड़ने के लिए मंडी अधिकारियों को खुली बोली अपने सामने करवाने के आदेश दिए गए हैं। शनिवार को सीएम परकाश सिंह बादल ने भी पूल का समाधान निकालने को मीटिंग बुलाई है।
लक्खोवाल ने बताया कि किसानों को नुकसान से बचाने के लिए पिछले साल बासमती चावल खरीदने वाले पंजाब के व्यापरियों को 490 करोड़ की सब्सिडी भी दी गई। इसमें 210 करोड़ रुपए पंजाब में शैलरों को आधारभूत सुविधाएं देने के लिए रखे गए थे। लेकिन इतनी सब्सिडी देने के बावजूद किसानों को रेट कम मिल रहा है। ऐसे में सब्सिडी बंद करने पर विचार किया जा सकता है। हरियाणा में बासमती का दाम 2900 रुपए है, तो पंजाब का किसान भी वहीं बासमती बेचेगा। इससे मंडी बोर्ड को नुकसान होगा।
मंडियों में कब्जे हटाने के निर्देश
चेयरमैनअजमेर सिंह लक्खोवाल ने कहा कि पंजाब में पांच लकड़ी मंडियां स्थापित की जा रही हैं जिसमें मार्किट फीस की छूट होगी। उन्होंने कहा कि कपास मक्की पर दो प्रतिशत से घटा कर एक प्रतिशत फीस कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब के सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को मंडियों के अंदर नाजायज कब्जे हटाने के लिए लिखा गया है। 20 दिन के अंदर कब्जे छुड़ा लिए जाएंगे। जालंधर अमृतसर की मंडियों में फड़ियों को शिफ्ट करने को भी कहा है।
सर्कट हाउस में प्रैस कान्फ्रेंस को संबोधित करते अजमेर िसंह लक्खोवाल।