तीन साल के बच्चे के अपहरण के आरोपी बरी
दकोहाकी जगजीतकालोनी से 31 अक्टूबर 2012 को तीन साल के अनमोल का अपहरण करने के आरोप में पकड़े गए कपूरथला के लवप्रीत सिंह उर्फ लव को कोर्ट ने बरी कर दिया। गवाही के दौरान गवाहों के बयान में मतभेद था। इसी का लाभ देते हुए लव को बरी कर दिया है। केस का मास्टर माइंड बच्चे का पिता अमनदीप सिंह उर्फ बाबा भगोड़ा है।
पुलिस के रिकार्ड के अनुसार जगजीत नगर के रहने वाले हरमिंदर सिंह ने पुलिस को स्टेटमेंट दी थी कि उसकी बेटी इटली में है। बेटी का दामाद अमनदीप से झगड़ा चल रहा है। नाती अनमोल उनके पास है। सुबह बाइक पर एक युवक आया और बोला कि आप की बेटी ने इटली से सामान भेजा है। वह चाय बनाने गई तो आरोपी अनमोल को उठा कर ले गया। स्टार्ट बाइक पर उनका दामाद था। पुलिस ने मामले ट्रेस कर दोनों आरोपी उसी दिन पकड़ लिए थे। अमन ने कहा था कि ससुराल वाले बेटे से मिलने नहीं देते। वह मिलने आया था कि अपहरण किया। कोर्ट से अमन को जमानत मिल गई थी। ट्रायल के बीच में वह बेल जम्प कर गया। कोर्ट ने 6 मार्च को अमनदीप को भगोड़ा घोषित कर दिया था।