- Hindi News
- पीएनआर नंबर डालें और आधे घंटे पाएं फ्री इंटरनेट सुविधा
पीएनआर नंबर डालें और आधे घंटे पाएं फ्री इंटरनेट सुविधा
akhand.pratap@dbgroup.in
दिसंबर2015तक देश के 71 रेलवे स्टेशन वाईफाई युक्त होंगे। जालंधर स्टेशन ए-1 कैटेगरी में है इसलिए यहां भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके लिए आपको वाईफाई ऑन कर अपना पीएनआर नंबर भरना होगा। कनेक्ट होने पर आधा घंटा फ्री इंटरनेट का मजा लिया जा सकता है। अगर सर्विस जारी रखनी है तो उसके लिए अलग से शुल्क देना होगा। यहीं सुविधा लुधियाना, अमृतसर और जम्मूतवी स्टेशन पर भी एक साथ शुरू होनी है। रेलटेल और जोनल रेलवे की ओर से चलाए जा रहे इस प्रोजेक्ट की शुरूआत नई दिल्ली स्टेशन से हुई है। अभी वाराणसी, आगरा, अहमदाबाद, छत्रपति शिवाजी स्टेशन, कोलकाता, सिकंदराबाद पर भी इसका ट्रायल होना है। नार्दर्न रेलवे के सीपीआरओ नीरज शर्मा का कहना है कि पहले चरण में केवल 71 स्टेशनों को शामिल किया गया है। दूसरे और तीसरे चरण में बाकी स्टेशन जोड़ लिए जाएंगे।
ऐसे करेगा काम
नईदिल्ली स्टेशन पर यात्री अपने मोबाइल फोन या लैपटॉप से वाईफाई ऑप्शन ऑन करें। उन्हें सिग्नल मिलेंगे। यात्री को अपना पीएनआर नंबर टाइप कर उसी नंबर पर भेजना होगा। इसके बाद ही यात्री को ऑप्शन मिल जाएगा। जिसे फीड करते ही वाईफाई सुविधा मिल जाएगी।
एक घंटे के लिए 35 रुपए तक होगा भुगतान
नईसुविधा दिन भर में मात्र आधे घंटे के लिए है। अगर आधे घंटे के बाद कोई वाईफाई उपयोग करना चाहता है तो उसे आधे घंटे के लिए 25 और एक घंटे के लिए 35 रुपए का भुगतान करना होगा। इसके लिए स्टेशन पर रेलटेल की ओर से काउंटर खोला जाएगा। यहीं से कूपन लेकर वाईफाई चलाया जा सकता है। यात्री ऑनलाइन डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैकिंग से भुगतान कर सकेंगे।