- Hindi News
- पेड़ काटने की मंजूरी केंद्रीय वातावरण मंत्रालय से लेनी होगी
पेड़ काटने की मंजूरी केंद्रीय वातावरण मंत्रालय से लेनी होगी
बर्ल्टनपार्क में पेड़ काटकर शापिंग कांप्लेक्स और होटल बनाने वाले स्पोर्ट्स हब प्रोजेक्ट पर निगम को बड़ा झटका लगा है। पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की तरफ से गठित पंजाब की वातावरण एसेसमेंट कमेटी का टेन्योर खत्म होने के बाद नई कमेटी का गठन नहीं हुआ है। अब पेड़ काटने की मंजूरी केंद्रीय वातावरण मंत्रालय से लेनी होगी। पेड़ काटने का विरोध कर रहे बर्ल्टन पार्क वेलफेयर सोसायटी सदस्यों ने उक्त जानकारी आरटीआई के जरिए ली है।
रविवार को सोसायटी के प्रधान और कैशीयर पद के चुनाव थे। इनमें उक्त खुलासा किया गया।
सोसायटी के सदस्य बर्ल्टन पार्क में जुटे थे। इसमें इंदरजीत मरवाहा को प्रधान चुना गया। इससे पहले इंडस्ट्री संचालक रवि देव प्रधान थे। कैशियर पद की जिम्मेदारी दिनेश डोगरा को दी गई। चेयरमैन पद पर प्रिं. एसएस वालिया जिम्मेदारी निभाएंगे। हरीश शर्मा पहले की तरह जनरल सेक्रेटरी पद की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट ने आर्डर दिए थे कि नगर निगम को अगर वातावरण क्लीयरेंस मिल जाती है तो वह स्पोर्ट्स हब बना सकता है। फरवरी महीने में पंजाब के पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की तरफ से बनी वातावरण इंपेक्ट असेसमेंट कमेटी से मंजूरी मांगी गई थी। निगम की अरजी के जवाब में कहा गया है कि कमेटी का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसलिए केंद्रीय वातावरण मंत्रालय से मंजूरी लें।
सोसायटी की बैठक में पूर्व जज एके शर्मा, रिटा. एसडीओ सुभाष वोहरा, रिटा. मेजर भूपिंदर सिंह, रिटा. कैप्टन एमएस खोसला, तेज मोहन सिंह, एडवोकेट अजीत सिंह, सतीश कुमार और एससी शारदा भी हाजिर थे।
सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी हरीश शर्मा ने कहा - हम 6 साल से पेड़ों को कटने से बचाने के लिए कनूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। हम विकास विरोधी नहीं हैं। बिल्क ऐसे टिकाऊ विकास को आगे बढ़ाने की जंग लड़ रहे हैं। स्टेडियम बनाएं लेकिन वहां जहां नागिरकों की सेहत से खिलवाड़ हो। माननीय हाईकोर्ट ने कहा था कि निगम सभी तरह की क्लीयरेंस लेकर ही प्रोजेक्ट को आगे बढ़ा सकता है। हम केंद्रीय वातावरण मंत्रालय को हाईकोर्ट के आर्डर की पूरी कापी देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पूरा मामला बताएंगे।
इतवार को बर्ल्टन पार्क वेलफेयर सोसायटी के नए चुने प्रधान इंदरजीत मरवाहा और मैंबर्स। पुराने प्रधान रवि देव को विदाई दी गई। -भास्कर