यात्रियों से वसूला जा रहा ज्यादा किराया
पंजाबरोडवेज के जालंधर आफिस में किराये का सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं किया जा रहा है। इस वजह से यात्रियों से हर रोज ज्यादा किराया वसूला जा रहा है। जब यात्री अधिक किराये का विरोध करते हुए तो कंडक्टर यात्रियों को बस से उतारने की धमकी देते हैं। दिल्ली और चंडीगढ़ समेत दूसरे स्टेशनों के लिए यात्रियों से 15 से 20 रुपए अधिक वसूले जा रहे हैं।
एसी बस का किराया पहली जनवरी को सरकार ने चार पैसे घटाया था। वॉल्वो में जालंधर से दिल्ली जाने का एक जनवरी से पहले किराया 755 रुपए था। घटकर यह 740 रुपए कर दिया गया। लेकिन साफ्टवेयर अपडेट होने से यात्रियों से 755 रुपए ही वसूले जा रहे हैं। वहीं चंडीगढ़ का किराया पहले 310 रुपए था जो अब 280 रुपए हो गया है। अभी भी यात्रियों ने 310 रुपए ही लिए जा रहे हैं। पहले वॉल्वो का किराया 1.78 रुपए प्रति किलोमीटर और एचवीएसी का 1.04 रुपए प्रति किलोमीटर था। इसमें 4 पैसे की कमी की गई थी।
जालंधर से हर रोज करीब 18 बसें दिल्ली के लिए चलती हैं और दस चंडीगढ़ के लिए। लोकल चलने वाली बसों के किराये में भी पांच से दस रुपए का फर्क रहा है। एलपीयू जाने वाले राहुल शर्मा ने बताया कि जालंधर से एलपीयू तक किराया दस रुपए होता है, लेकिन हर रोज 15 रुपए वसूले जाते हैं। इससे कंडक्टर से झगड़ा होता है। जब लोग विरोध करते हुए तो उन्हें बस से उतारने की धमकी दी जाती है।
पंजाब रोडवेज के इंक्वायरी आफिस में बात की तो बताया गया कि किराये को अपडेट करने के लिए कई बार कंप्यूटर आपरेटर इंदरजीत नूरपुरी को दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक अपडेट नहीं किया गया। इंदरजीत नूरपुरी का कहना है कि जिस कंपनी को साफ्टवेयर अपडेट करना है उसे मेल भेजी है। अभी तक कम नहीं हुआ। इसे चेक करवा लेते हैं। इस बारे में जीएम-वन हरजिंदर सिंह मिन्हास से जब बात की तो उन्होंने भी हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि तत्काल ही किराया कम करवाया जाएगा।