- Hindi News
- रेलवे रोड पर ग्रीन बेल्ट में सुविधा सेंटर बनाने का कमेटी ने किया विरोध
रेलवे रोड पर ग्रीन बेल्ट में सुविधा सेंटर बनाने का कमेटी ने किया विरोध
रेलवे रोड पर सुविधा सेंटर बनाने के लिए निशानदेही करने पहुंची नगर निगम की टीम का प्राचीन शिव मंदिर प्रबंधक कमेटी ने विरोध किया। उनका आरोप है कि मंदिर के साथ लगती जमीन को उन्होंने ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किया है। उसे निगम उजाड़कर वहां सुविधा सेंटर बनाने जा रहा है। जोकि धक्केशाही है। मंदिर के साथ लगती इस जमीन को वह ग्रीन बेल्ट विकसित करने को मंजूर करवा चुके हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने ही उन्हें लिखित में मंजूरी दी है। उसी रोड पर अन्य कई जगह खाली पड़ी हैं। वहां भी सुविधा सेंटर को बनाया जा सकता है।
प्राचीन शिव मंदिर प्रबंधक कमेटी के प्रधान यादव खोसला और निगम के एक्सईएन कुलदीप कुमार शर्मा के बीच बहस भी हुई। खोसला शाम को इस मामले में मेयर सुनील ज्योति से मिले। उन्होंने कहा कि वहां सुविधा सेंटर बनाकर कहीं और बनाया जाए। मेयर ने उनको पॉजिटिव संकेत दिए हैं।
खोसला ने बताया कि शनिवार सुबह एक्सईएन कुलदीप शर्मा टीम के साथ पहुंचे और निशानदेही की। कहा कि वहां सुविधा सेंटर बनाया जाना है। आपका मंदिर भी अवैध है। उसके खिलाफ भी हाईकोर्ट तक जाकर केस करेंगे। खोसला ने बताया कि यह रवैया तानाशाही था। मंदिर की इस ग्रीन बेल्ट को कई कामों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। वहां लंगर लगाया जाता है। कीर्तन और भजन संध्या के लिए इसे उपयोग किया जाता है। इसे उजाड़ने नहीं देंगे।
उनके साथ गुरचरण बजाज, रमेश सहदेव, हरीश सोनी, सचिन गोयल, संदीप खोसला, रोहित चड्ढा, विशाल शर्मा, वैभव शर्मा, ईश कुमार जैन, राजन खन्ना, बलकार सिंह, सुनील मल्होत्रा, आशीष सहगल, रॉक्सी उप्पल, ललित मेहता, मानव बजाज और पार्षद अमित ढल्ल भी पहुंच गए थे। इस मामले में एक्सईएन कुलदीप शर्मा का कहना है कि सुविधा सेंटर के लिए इस जमीन को डीसी और कमिश्नर की टीम ने मिलकर चुना है। वह सिर्फ वहां निशानदेही करने गए थे। वहां सुविधा सेंटर के लिए काम शुरू कराया जाना है। उन्होंने मंदिर बारे कोई गलत टिप्पणी नहीं की है।
निगम की तरफ से की गई निशानदेही। -भास्कर