जालंधर। सिटी में चुनिंदा ओपन डंप से कूड़ा उठाने की मंजूरी मिलने के बाद जिंदल पावर ने काम तो शुरू कर दिया है लेकिन निगम के सफाई कर्मचारियों की गर्माहट जारी है। एसडी कॉलेज रोड पर कूड़ा उठा रहे कंपनी के स्टाफ और निगम कर्मियों के बीच झगड़ा हो गया। कंपनी ने काम में बाधा डालने के मसले और कर्मचारी सुखदेव का हाथ जख्मी करने पर थाना-3 में शिकायत की है।
शनिवार की दोपहर कंपनी के ट्रक कूड़ा उठाने गए थे। तभी उन्हें सरकारी स्टाफ ने रोका। कंपनी के जनरल मैनेजर एसके शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि सरकारी कर्मचारियों ने रिंच से उनके कर्मचारी सुखदेव पर हमला किया। उसके हाथ पर चोट आई है। याद रहे, इससे पहले माडल टाउन और जेल चौक के पास भी ऐसी बहस हो चुकी है। इसके बाद एसके शर्मा ने कहा कि हम सारा मसला नगर निगम के अफसरों और लोकलबॉडीज अथॉरिटीज के पास रखेंगे।