- Hindi News
- स्टंट मारने का झांसा दे सवा लाख की बाइक ले भागा सूटेड बूटेड मुंडा
स्टंट मारने का झांसा दे सवा लाख की बाइक ले भागा सूटेड-बूटेड मुंडा
अलीमोहल्ला पुली केपास बाइक-स्कूटर डीलर की दुकान पर आया एक सूटेड-बूटेड युवक दुकानदार के मुलाजिम को बाइक की ट्राई का झांसा देकर करीब सवा लाख रुपए का बाइक ले फरार हो गया। डीलर की दुकान के पास कैमरे में युवक की तस्वीर कैद हुई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना दो पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
केवल एंड ब्रदर्स के मालिक हरनेक सिंह नेकी ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे वह दुकान पर नहीं थे। दुकान पर वर्कर मुकेश और संदीप बैठे थे। मुकेश ने बताया कि करीब 26-27 का एक युवक दुकान पर आया और यामहा आर-15 देखने लगा। इसके बाद उसने बाइक की ट्राई की बात कही। वह उसके साथ बैठकर ट्राई लेने चले गए। एक चक्कर लगाने के बाद वे लोग दुकान पर गए। इसी बीच युवक ने कहा कि बाइक थोड़ा मिस कर रहा है। वह दोबारा चक्कर लगाना चाहता है। वह फिर से उसके साथ चला गया। बाइक में तेल कम था तो युवक ने बस्ती अड्डा के पास पंप से अपनी जेब से 150 रुपए का पेट्रोल भरवाया। वहां से वह शहीद उधम सिंह नगर की तरफ चला गया। रत्तन अस्पताल के पास उसने बाइक रोका और कहा कि वह स्टंट मारना चाहता है। वह देखना चाहता है कि कहीं स्टंट मारने पर बाइक बंद तो नहीं हो जाता। मुकेश उसकी बातों में गया और बाइक से उतर गया। तभी युवक ने जोरदार रेस दी और उसके सामने से बाइक लेकर चला गया। वह पैदल दौड़े, मगर वह नजर नहीं आया।
पीड़ित नेकी ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दी है।
शक्ल से लग रहा था ठग, दे ही गया झांसा... |दुकान के ही दूसरे वर्कर संदीप कुमार ने बताया कि जब युवक दुकान पर आया तो मुकेश के अलावा वह भी मौजूद थे। उसके मुताबिक युवक शक्ल से ही ठग लग रहा था। उसने मुकेश को कहकर भेजा था कि रास्ते में कहीं बाइक मत रोकना और जो भी बात करनी है, वह दुकान पर आकर करे। पहले चक्कर में युवक ने कुछ नहीं किया, मगर दूसरे चक्कर में झांसा देकर बाइक ले उड़ा। थाना दो के एसएचओ जीवन सिंह ने बताया कि सीसीटीवी मेंे युवक की फोटो थोड़ी धुंधली दिख रही है। पुलिस युवक को पकड़ने का प्रयास कर रही है।