- Hindi News
- भारतीय छात्र संसद में अमन बना सर्वोत्तम वक्ता
भारतीय छात्र संसद में अमन बना सर्वोत्तम वक्ता
विश्व शांति केन्द्र पुणे में 10 हजार स्टूडेंट्स में से हुआ एलपीयू के स्टूडेंट का चयन
सिटीरिपोर्टर | जालंधर
एलपीयूमेंबीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र अमन वालिया 10,000 स्टूडेंट्स में से सर्वश्रेष्ठ छात्र वक्ता पुरस्कार से सम्मानित किए गए। अवसर था भारतीय छात्र संसद फाउंडेशन, पुणे द्वारा छात्रों के पांचवे वार्षिक सम्मेलन इंडियन स्टूडेंट पार्लियामेंट के आयोजन का। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में भारत भर से छात्र नेताओं में से एक साथ कई हजारों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। यह इवेंट यूनेस्को के मानवाधिकार, लोकतंत्र, शांति और सहिष्णुता के लिए स्थापित चेयर विश्व शांति केंद्र (पुणे) और भारत सरकार द्वारा करवाया जाता है।
450 विश्वविद्यालयों, 25000 कॉलेजों और भारत के 29 राज्यों से इस साल 10 से 12 हजार विद्यार्थी चयन प्रक्रिया से निकलने के बाद इस कार्यक्रम में पहुंचे। आठ सत्रों और विभिन्न विषयों के बीच एलपीयू के छात्र अमन ने 33 प्रतिशत महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक वास्तविक उपकरण है विषय पर अपनी बात रखी। इसी आधार पर उन्हें सर्वोत्तम वक्ता चुना गया। अमन ने अपने भाषण में कहा कि एक लड़की को उसकी मां के गर्भ में आने पर ही सभी प्रकार के आरक्षण मिल जाने चाहिए। महिलाओं के बारे में रूढ़िवादी माने जाते राज्य हरियाणा से संबंधित अमन ने ऐसी विचारधारा को पूरी तरह नकारते हुए अपने भाषण को महिलाओं के पक्ष में प्रस्तुत किया।
एलपीयू की प्रो. चांसलर रश्मि मित्तल ने कहा, एलपीयू के स्टूडेंट्स ऐसी लीडरशिप क्वालिटी से भरे हैं, इससे हम खुश हैं। एलपीयू एक स्टूडेंट प्रोजेक्ट सेल लवली यूथ कैपिटल चला रहा है, जो विद्यार्थियों को बोलने के लिए मंच देता है और लीडरशिप सीखने के लिए भी। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री मनोहर परिकर, भ्रष्टाचार विरोधी नेता अन्ना हजारे, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और बॉलीवुड अभिनेता परेश रावल सहित सरकार, संसद, मीडिया के लोगों को हिस्सा लिया।
अमन ने महिलाओं के पक्ष में भाषण देकर अवार्ड जीता। -भास्कर