पीएसबी एकेडमी ने जीता टूर्नामेंट
बाबा फरीद गोल्ड कप हाॅकी टूर्नामेंट में उत्तरी रेलवे दिल्ली को 4-0 से हराया
भास्कर न्यूज | जालंधर
पंजाबएंडसिंध बैंक हॉकी एकेडमी जालंधर ने 19 से 23 सितंबर तक फरीदकोट में करवाए गए बाबा फरीद गोल्ड कप हाॅकी टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया।
फाइनल में पंजाब एंड सिंध बैंक एकेडमी ने उत्तरी रेलवे दिल्ली को 4-0 से हराया। विजेता टीम को गोल्ड कप के साथ 51000 रुपए दिया गया। टीम के ट्रेनर ओलिंपियन राजिंदर सिंह जूनियर और मैनेजर ओलिंपियन संजीव कुमार थे। विजेता टीम के जसकरन सिंह को प्लेयर आॅफ टूर्नामेंट घोषित किया। वह टीम के कोच और ध्यानचंद अवार्डी ओलिंपियन राजिंदर सिंह जूनियर का बेटा है। टीम ने क्वार्टर फाइनल में जरखड़ एकेडमी को आठ गोल से हराया था। पिछले साल भी इस टीम ने बाबा फरीद गोल्ड कप हाकी टूर्नामेंट जीता था। टीम में कैप्टन गुरइकबाल सिंह, विक्रमजीत सिंह, कैप्टन सिंह, भूपिंदर सिंह, जसकरण सिंह, मनजिंदर सिंह, रमनदीप, करनबीर, गुरप्रीत, अजीत पंडित, सौरभ शर्मा, हरप्रीत सिंह, बंटी शामिल रहे। टूर्नामेंट में ऑल इंडिया की बारह टीमें शामिल थीं।
फरीदकोट में बाबा फरीद गोल्ड कप हाॅकी टूर्नामेंट जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ पंजाब एंड सिंध बैंक हॉकी एकेडमी जालंधर की टीम। -भास्कर