- Hindi News
- खोजेवाला में डेली पैसेंजरों ने तीन घंटे रेलवे ट्रैक पर लगाया जाम
खोजेवाला में डेली पैसेंजरों ने तीन घंटे रेलवे ट्रैक पर लगाया जाम
फिरोजपुरसे जालंधर आने वाले डेली पैसेंजरों ने मंगलवार को फिरोजपुर-जालंधर डीएमयू को खोजेवाला में रोककर दूसरी ट्रेनों को निकाले जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। यात्रियों ने जालंधर फिरोजपुर ट्रैक को करीब तीन घंटे तक जाम रखा। बाद में एटीएम एमएस संधू ने यात्रियों को समझाया कि आगे से इस तरह की दिक्कत का सामना नहीं होगा। इसके बाद यात्रियों ने ट्रैक को ओपन किया।
मंगलवार को खोजेवाला स्टेशन पर अप और डाउन लाइन पर कई ट्रेनों की क्राॅसिंग बन गई। इस वजह से फिरोजपुर जालंधर डीएमयू को खोजेवाला में रोककर दूसरी ट्रेनों को पास किए जाने लगा। एक ट्रेन निकलने के बाद यात्रियों ने करीब दस मिनट तक इंतजार किया। लेकिन जब बठिंडा-जम्मूतवी को निकलने के लिए सिग्नल दिया गया तो यात्री विरोध करते हुए ट्रैक पर गए। इस वजह से पहले से ही चार घंटे लेट चल रही बठिंडा-जम्मूतवी को आउटर पर खड़ा कर दिया गया। दूसरी तरफ फिरोजपुर होशियारपुर पैसेंजर को भी आउटर पर खड़ा होना पड़ा। सुबह 8.05 बजे यात्रियों ने प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान डीएमयू के इंजन पर चढ़कर यात्रियों ने विरोध जताया। यात्री सुखदेव, रामचंद्र, सतनाम, सुखजीत और राजेश ने बताया कि आए दिन फिरोजपुर-जालंधर डीएमयू को अलग-अलग स्टेशन पर रोककर यात्रियों को परेशान किया जाता है। कई बार इसकी शिकायत की गई, लेकिन रेलवे की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। एटीएम एमएस संधू का कहना है कि मेल ट्रेन पहले से बहुत लेट चल रही है। इसलिए प्राथमिकता के तौर पर उसे निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन यात्रियों ने इसका विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस वजह से दूसरी ट्रेनों के यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। इस वजह से 9.00 बजे जालंधर से फिरोजपुर जाने वाली ट्रेन को 12.20 बजे रवाना करना पड़ा, जबकि फिरोजपुर से होशियारपुर ट्रेन भी तीन घंटे देरी से रवाना हुई।
खोजेवाला में डीएमयू को रोककर दूसरी ट्रेनों को भेजने से गुस्साए डेली पेसेंजर्स ने तीन घंटे तक ट्रैक पर हंगामा किया। -भास्कर