चीन की धुन पर नाचा बुल
अमेरिकामें फिलहाल ब्याज दरें नहीं बढ़ेंगी, फेडरल रिजर्व के इस फैसले के बाद और चीन द्वारा भारत में साइन किए एमओयू के कारण वीरवार को बाजार में जबरदस्त उछाल आया। पूरी तरह से बुल हावी दिखे, हालांकि सुबह शुरुआत कमजोरी थी, लेकिन बाद में शॉर्टकवरिंग के चलते जोरदार खरीदारी दिखी और सेंसेक्स करीब 500 अंक चढ़ा गया, निफ्टी भी 100 अंकों से ज्यादा चढ़कर 8100 के पार पहुंचने में कामयाब हुआ। अंत में बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 481 अंक यानी 1.8 फीसदी की उछाल के साथ 27112 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 139 अंक यानी 1.75 फीसदी की मजबूती के साथ 8115 के स्तर पर बंद हुआ है। 2 जून 2014 के बाद आज सेंसेक्स और निफ्टी में एक दिन की सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई है। सेंसेक्स ने आज 27132.2 का ऊपरी स्तर छूआ, तो निफ्टी 8120.85 तक जाने में कामयाब हुआ।
डॉलर के मुकाबले रुपये में आज कमजोरी के साथ ही कारोबार देखने को मिला है। लेकिन कारोबार बंद होने के आसपास रुपये में जोरदार रिकवरी देखने को मिली है। अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया 9 पैसे की मजबूती के साथ 60.83 के स्तर पर बंद हुआ है। आज दिन के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 1 महीने के निचले स्तर पर फिसल गया था। दिन के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 61.20 तक टूटा था।