- Hindi News
- खालसा कॉलेज की ईशानी को 10 लाख की स्कॉलरशिप
खालसा कॉलेज की ईशानी को 10 लाख की स्कॉलरशिप
यूके की नॉर्थ अंबेरिया यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर में लेगी हायर एजुकेशन
भास्करन्यूज|जालंधर
लायलपुरखालसा कॉलेज में बीएससी इकोनॉमिक्स थर्ड ईयर की स्टूडेंट ईशानी को माइकल सहगल स्कॉलरशिप के तहत 10 लाख की स्कॉलरशिप और यूके जाकर पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। ईशानी खालसा कॉलेज में ही हिस्ट्री की प्रो. सुमन चोपड़ा की बेटी हैं। ईशानी को यह स्कॉलरशिप उनकी यूनिवर्सिटी में अच्छी परफॉर्मेंस के बेसिस पर मिली।
प्रिंसिपल डॉ. गुरपिंद्र सिंह समरा ने बताया कि ईशानी यूके की नॉर्थ अंबेरिया यूनिवर्सिटी में हायर एजुकेशन हासिल करेगी। यह कॉलेज की नौवीं स्टूडेंट है, जिसे माइकल सहगल स्कॉलरशिप मिली। प्रिंसिपल डॉ. गुरपिंद्र सिंह समरा, प्रो, मनोहर सिंह, मुखी कंप्यूटर विभाग और समाज सेविका परमिंद्र बेरी और गवर्निंग काउंसिल की प्रधान बलबीर कौर ने ईशानी को यह स्कॉलरशिप पत्र सौंपा।
बेटों को सौंपी जिम्मेदारी
ईशानी को सम्मानित करतीं गवर्निंग काउंसिल की प्रधान बलबीर कौर।
प्रिंसिपल समरा ने बताया कि 10 साल पहले यूके में कपड़े का कारोबार कर रहे माइकल सहगल पंजाब आए थे। वह खालसा कॉलेज के प्रधान बलबीर सिंह से मिले थे और स्टूडेंट्स को कंप्यूटर के क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप देने की इच्छा जताई। वह हर साल कॉलेज आते शॉर्ट लिस्ट बच्चों का इंटरव्यू लेते और एक स्टूडेंट को चुन लिया जाता। उनके साथ समाज सेविका परमिंद्र बेरी भी चुनाव प्रकिया में शामिल रहीं। पिछले साल माइकल सहगल बेटों को साथ लाए और कहा कि अगले 50 साल तक मेरे बच्चे होनहार स्टूडेंट्स को स्कॉलरशिप देते रहेंगे। कुछ ही महीने बाद सहगल इस दुनिया से चले गए, लेकिन उनके परिवार ने स्कॉलरशिप का सिलसिला इस साल भी जारी रखा है।