पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जेएमपी टूल्स का मालिक बन छठी पास जमींदार ने मांगा अमेरिका का वीजा, एंबेसी में पकड़ा गया

जेएमपी टूल्स का मालिक बन छठी पास जमींदार ने मांगा अमेरिका का वीजा, एंबेसी में पकड़ा गया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | जालंधर/टांडा उड़मुड़

ट्रेवलएजेंटों ने32 साल के जमींदार को अमेरिका भेजने के लिए उसे जांलधर की मशहूर हैंड टूल्स कंपनी जेएमपी का मालिक बता दिया। अमेरिकन एंबेसी में वीजा के लिए इंटरव्यू के दौरान उसकी पोल खुल गई। एंबेसी ने फिंगरप्रिंट लेकर केस पंजाब पुलिस को भेज दिया।

अमेरिकन एंबेसी में असिस्टेंट रीजनल सिक्योरिटी अफसर टिमोथी आयर्स की शिकायत पर सोमवार को टांडा उड़मुड़ थाने में गंदूवाल के किसान सतनाम सिंह के बेटे लखबीर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। एंबेसी के अनुसार लखवीर सिंह ने पिछले साल 22 नवंबर को नॉन-इमिग्रेंट वीजा के लिए अरजी दी। खुद को सोढल रोड स्थित जेएमपी कंपनी का मालिक बताया। उसने 2011 से लेकर 2013 तक की बैलेंस शीट, इनकम टैक्स एसेसमेंट के डॉक्यूमेंट पेश किए। जेएमपी मशहूर कपूर परिवार की कंपनी है। एंबेसी में इंटरव्यू के दौरान छठी पास लखवीर टूट गया। उसने कुबूल किया कि वह कंपनी का मालिक नहीं है। एंबेसी ने जांच की तो पता चला कि उसने फर्जी डॉक्यूमेंट किसी मनिंदर से बनवाए थे। ये नाम भी फर्जी लगता है। उसके मोबाइल नंबर का रजिस्ट्रेशन सलेमपुर के रविंदर बजाज के नाम निकली।

एंबेसी ने लखवीर सिंह के फिंगरप्रिंट लेकर उसे छोड़ दिया ताकि दोबारा वीजा लेने आए तो पकड़ा जा सके। साथ ही पंजाब पुलिस को शिकायत भेज दी। एसपी (डी) होशियारपुर ने तफ्तीश की और फिर केस दर्ज हुआ। पुलिस अभी तक लखवीर सिंह लक्खा के पेपर बनवाने वालों का पता नहीं लगा सकी है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दो युवकों ने पंजाब पुलिस के अफसर बनकर वीजा लेने की कोशिश की थी और पकड़े गए थे।

10 लाख में किया सौदा

गंदूवालके छोटे-मोटे किसान सतनाम सिंह और गुरबख्श कौर ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा बेकसूर है। उसे गांव जलाल डोगर के किसी वाकिफ ने जालंधर बस स्टैंड के पास खुले में मनिंदर से मिलवाया था। अमेरिका का वीजा दिलवाने के लिए 10 लाख में सौदा पटा। मनिंदर ने ही सभी पेपर तैयार करवाए।