- Hindi News
- फैक्ट्री मालिक के साढ़े तीन साल के बेटे को उठाने आए तीन साधू, एक गिरफ्तार
फैक्ट्री मालिक के साढ़े तीन साल के बेटे को उठाने आए तीन साधू, एक गिरफ्तार
सुभाषनगरमें साधु की वेशभूषा में आए तीन युवकों ने एपीजे स्कूल में पढ़ने वाले नर्सरी के बच्चे के अपहरण का प्रयास किया। लेकिन बच्चे की दादी के शोर मचाने पर युवक बच्चे को छोड़ वहां से भाग गए। एक युवक को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और उसकी छितर परेड कर पुलिस के हवाले कर दिया। बच्चे के अपहरण से पहले साधुओं बनकर आए युवकों ने घर के बाहर खड़ी तीन कारों के शीशे भी तोड़े।
इंडस्ट्रियल एरिया में प्लाइवुड मैन्यूफेक्चरिंग की फैक्ट्री चलाने वाले राजीव गुप्ता ने बताया कि उनका साढ़े तीन साल का बेटा लक्ष्य घर के बाहर खेल रहा था। तभी साधु की वेशभूषा में तीन युवक आए। तीनों के पास डंडे थे। उन्होंने उनकी सेंट्रो कार, पड़ोसी की जेन कार और पड़ोसी के घर आए मेहमान की मारुति कार के शीशे तोड़ दिए। उस समय लक्ष्य घर के बाहर खेल रहा था, तभी एक व्यक्ति ने लक्ष्य को उठाकर ले जाने का प्रयास किया। बच्चे के शोर बचाने पर दादी कंचन गुप्ता ने लक्ष्य के चाचा आशीष गुप्ता को आवाज दी। इस पर तीनों बच्चे को छोड़ भागने लगे। आशीष गुप्ता ने बताया कि दो व्यक्ति एक तरफ भागे, तीसरा दूसरी तरफ। वह एक निर्माणाधीन घर में घुस गया और छतों के ऊपर से भागने लगा। करीब दस छतें लांघने के बाद टांडा रोड पर शर्मा पब्लिकेशन के पास लोगों ने उसे पकड़ लिया। बाद में थाना तीन की पुलिस के हवाले कर दिया।
एडीसीपी सिटी वन परमजीत सिंह का कहना है कि यूपी के रहने वाले धर्मगिरि पर अपहरण का केस दर्ज किया गया है। उससे पूछताछ चल रही है। अभी उसने कुछ नहीं बताया। उसके साथियों के बारे में कुछ पता नहीं लगा है। जब उसे थाने लाया गया तो उसे काफी बुखार था। सिविल अस्पताल में उसको दवाई दिलवा वापस थाने ले गए। हालांकि लोग पहले कह रहे थे कि साधु मानसिक रोगी है, मगर ऐसा नहीं है।
लक्ष्य की मां रुचि गुप्ता ने बताया कि बच्चा डर गया है। जब लक्ष्य का अपहरण होने लगा था, तो उसका जुड़वां भाई लव्य घर में ही था। एसीपी नार्थ अवनीत कौंडल मौके पर पूछताछ करते हुए। -भास्कर