- Hindi News
- सुविधा प्वाइंट्स बंद, साइबर कैफे अवैध वसूली करने लगे
सुविधा प्वाइंट्स बंद, साइबर कैफे अवैध वसूली करने लगे
केस दर्ज करने के लिए साइबर कैफे के आईपी एड्रेस ढूंढे जा रहे
भास्करन्यूज|जालंधर
सुविधाप्वाइंट्स बंद होने के बाद ऑनलाइन बिजली बिल भरने के नाम पर ठगी शुरू हो गई है। कई साइबर कैफे लोगों से बिजली बिल की रकम लेकर अपनी जेब में डाल रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में 8 शिकायतें पावर कॉम के पास गई हैं। इसके बाद साइबर कैफे के आईपी एड्रेस ढूंढे जा रहे हैं। इनके आधार पर केस दर्ज कराया जाएगा।
जालंधर, लुधियाना और होशियारपुर में कई साइबर कैफे वालों ने लोगों से बिल की रकम कैश में ले ली। फर्जी सी रसीद दे दी। अगले महीने जब उपभोक्ता का बिल दोगुना गया तो भेद खुला कि कैफे वाले ने पैसे पावर कॉम को देने की जगह अपनी जेब में डाल लिए हैं। ऐसी 8 शिकायतें पावर कॉम के पास आई हैं।
बिलिंग सेक्शन के एसई भुपिंदर खोसला बताते हैं कि इसके बाद हमने सभी अफसरों को इसकी जानकारी देने वाली ई-मेल भेजी है। लोग साइबर कैफे पर बिल भरें लेकिन इतना जान लें कि ये उनका रिस्क है। इससे पावर कॉम का संबंध नहीं है। किसी भी साइबर कैफे को बिल की रकम की वसूली करने के लिए आथोराइज नहीं किया है।
जिन साइबर कैफे वालों के खिलाफ शिकायत आई है, उनके आईपी एड्रेस ट्रेस किए जा रहे हैं। इसके बाद केस दर्ज कराएंगे।