- Hindi News
- मॉडल टाउन में शाम 5.55 बजे गन दिखाकर बिजनेसमैन से कार लूटी
मॉडल टाउन में शाम 5.55 बजे गन दिखाकर बिजनेसमैन से कार लूटी
क्लीन शेव युवक ने गालियां दी, दरवाजा खोला तो लिफाफे से पिस्तौल निकाली
78 साल के देव सोनी को धक्का देकर कार लेकर मसंद चौक की तरफ फरार
सीएलसोनी एंड कंपनी के मालिक 78 साल के देव सोनी से बंदूकधारी ने मॉडल टाउन रोड पर शाम 5.55 पर आई 20 कार लूट ली। लुटेरे उन्हें सड़क पर फेंककर फरार हो गया। न्यू जवाहर नगर के देव सोनी पुत्र सीएल सोनी का रेलवे रोड पर सीएल सोनी एंड कंपनी के नाम से प्रोजेक्टर का काम है।
देव सोनी ने बताया कि वह मॉडल टाउन रोड पर थिंद आई अस्पताल से सटे प्रोफाइल डेंटल केयर गए थे। वहां से चेकअप कराने के बाद वह अपनी आई 20 कार (नंबर पीबी 08 बीक्यू 9470) में बैठे थे। कार के सामने फुटपाथ पर लंबी कद-काठी वाला सांवले रंग का क्लीन शेव युवक हाथ में लिफाफा पकड़े बैठा था। युवक ने उनकी कार के पास आकर शीशा खोलने के लिए कहा। मैने नहीं खोला तो वो गाली-गलौज करने लगा। जैसे ही दरवाजा खोला। युवक ने हाथ में पकड़े लिफाफे से बंदूक निकाल ली और उनको खींचकर कार से बाहर निकाल सड़क पर फेंक कार लेकर फरार हो गया। लुटेरा मसंद चौक की तरफ भागा। सोनी ने अपने बेटे राजीव सोनी को फोन पर लूट की जानकारी दी। राजीव ने पुलिस को सूचना दी। पहले मौके पर पीसीआर और फिर एडीसीपी टू हरप्रीत सिंह मंडेर, एसीपी मॉडल टाउन बीआईएस काहलों फोर्स के साथ पहंुचे। यूं तो इसी रोड पर रोजाना पुलिस नाका रहता है, मगर बुधवार को नाका सिटी अस्पताल के पास था। पुलिस लुटेरे को नहीं पकड़ सकी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।
देव सोनी के बेटे राजीव सोनी ने कहा कि उनके पिता घटना के बाद से बेहद घबराए हुए हैं। सोनी ने बताया कि दोस्त कहते रहे कि - कैनेडा आकर बस जाओ। लेकिन मैंने सोचा कि अपना देश अपना होता है। अब हालात बहुत खराब हो रहे हैं। लगता है कि पंजाब नहीं बिहार में रह रहे हैं।
लूट का शिकार हुए बुजुर्ग देव सोनी को आसपास के लोगों ने पानी िपलाया तो वह कुछ संभले।
पंजाब में हालात बिहार जैसे बनने लगे