जर्मनी से लौट कर करने लगा स्नेचिंग
दस मोबाइल, बाइक और दातर बरामद
भास्करन्यूज | जालंधर
जर्मनीमेंकुकिंग छोड़कर जालंधर में स्नेचिंग की वारदातें करने वाले एक व्यक्ति को थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस ने दस मोबाइल, एक बाइक और दातर बरामद किया है। आरोपी की पहचान बस्ती दानिशमंदा के लसूड़ी मोहल्ला के रहने वाले सतपाल उर्फ मोनू के रूप में हुई है। मोनू का एक साथी सोनू अभी फरार है। प्रेस वार्ता में एसएचओ संजीव कपूर ने बताया था कि पांच साल पहले सतपाल जर्मनी से आया था और फिर यहां वारदातें करने लगा। हालांकि देर शाम एसएचओ ने मीडिया को फोन करके बताया कि प्रेस वार्ता में उनके मुंह से गलत जानकारी निकल गई थी। मोनू किसी विदेश से नहीं आया। वह यहीं पर रहता था।
प्रेस वार्ता में एसएचओ संजीव कपूर ने बताया कि मोनू पेशे से कुक है। वह तीन साल जर्मनी में बतौर कुक काम करके आया था। करीब पांच साल से वह जालंधर में रह रहा है। वहां काम के बाद उसने जालंधर आते ही स्नेचिंग करनी शुरू कर दी। उसे थाना आठ पुलिस ने नशीले पाउडर के साथ भी पकड़ा था। अमृतसर जीआरपी में उस पर आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है, जिसमें वह भगोड़ा है। मोनू कोट सदीक में महिला से बालियां छीनने की वारदात कबूली है। साथ ही खुलासा किया कि वह प्रवासी मजदूरों से मोबाइल पैसे छीनता था। इसमें उसका दोस्त सोनू भी साथ होता था। हालांकि बाद में एसएचओ ने जर्मनी से लौटने वाली बात से इंकार किया।