जालंधर। बस अड्डे के पास करन चैंबर स्थित रॉयल एजुकेशन कंसल्टेंट के मालिक गगनदीप सिंह को पुलिस 64 दिन बाद पकड़ नहीं पाई, लेकिन पुलिस ने तीसरा केस दर्ज कर लिया है। इस केस में गगनदीप की मां संगीता कौर को भी आरोपी बनाया गया है। एडीसीपी सिटी-2 अमरीक सिंह पवार ने तीसरा केस दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि गगन अपना मोबाइल बंद कर अंडरग्राउंड हुआ है। पुलिस उसे ट्रेस कर जल्द पकड़ लेगी।
भार्गव कैंप से सटे न्यू सुराजगंज के रहने वाले नरेश कुमार ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में कहा था कि वह भी विदेश जाना चाहता था। इसलिए उसके फोटोग्राफर भाई विजय कुमार रॉयल एजुकेशन कंसल्टेंट के मालिक गगनदीप से मिला था। गगन ने विजय को कहा था कि वह डेढ़ लाख लगेगा। वह उसके भाई को न्यूजीलैंड भेज देगा। विजय ने एडवांस पचास हजार रुपए पहले दे दिए थे और एक लाख रुपए बाद में गगन और उसकी मां संगीता को दिए थे। पुलिस ने जांच कर थाना सात में रविवार को गगन और उसकी मां के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
गौरतलब है कि दिसंबर महीन से रॉयल एजुकेशन कंसल्टेंट का दफ्तर बंद हो गया था। लोग दफ्तर के बाहर आकर हंगामा करते और चले जाते। 12 दिसंबर को पुलिस ने फरार हुए गगन और उसके स्टाफ पर आईपीसी की धारा 420, 406 के अलावा इमीग्रेशन एक्ट की धारा-24 की धाराएं लगाकर पर्चा दर्ज किया था। पुलिस ने गगन के बैंक लॉकर से 400 पासपोर्ट बरामद किए थे। अब तक पुलिस की जांच में डेढ़ करोड़ की ठगी सामने आई है।