कैनरा बैंक आफिसर्स एसोसिएशन के जालंधर रीजन ने मनाई स्थापना की 50वीं वर्षगांठ, सुबह मिनी मैराथन, शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाया
अफसरों के क्लब ने बनाया 23 हजार मेंबरों वाला संगठन
कैनरा बैंक में काम करने वाले अफसरों ने 50 साल पहले अपना क्लब बनाया। मकसद था मिलकर बैठना। मनोरंजन करना। इसी क्लब से बढ़कर 23 हजार मेंबरों वाला संगठन तैयार हुआ। इसका नाम है कैनरा बैंक आफिसर्स एसोसिएशन। इसकी स्थापना का 50वां साल देश भर में मनाया जा रहा है। एसोसिएशन में वो लोग शामिल हैं जो कैनरा बैंक में अलग-अलग पदों पर काम कर रहे हैं। जालंधर रीजन शाखा ने शनिवार को स्थापना दिवस पर रैड क्राॅस भवन में कार्यक्रम करवाया। इससे पहले सुबह मिनी मैराथन में तंदरुस्त जीवन का संदेश दिया गया। शाम को सांस्कृतिक समारोह हुआ।
समारोह में पहुंचे संगठन के जनरल सेक्रेटरी डायरेक्टर जीवी मणिकरण ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए टीम वर्क जरूरी है। टीम वर्क ने ही अफसरों के क्लब को विशाल संगठन में बदला है। बैंक जालंधर जोनल आॅफिस में डिप्टी जनरल मैनेजर आरके स्वाइन ने इसी तरह मिलजुलकर आगे बढ़ते रहने की सीख दी। यहां आर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी एसपी सिंह, अश्वनी जुनेजा, अतुल कपूर भी थे।
सुबह 8 बजे निकली मिनी मैराथन के बाद दोपहर को मेडिकल कैंप लगाया गया। भारत में 10 जगहों पर संगठन की स्थापना की स्वर्ण जयंती मनाई जा रही है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में गिद्दा-भांगड़ा और कोरियोग्राफी पेश की गई। इसमें एकजुटता, क्रेडिबिलिटी और तरक्की पसंद विचारों के प्रसार का संदेश दिया गया है।