दुबई से आए पति के तानों और मारपीट से तंग महिला ने जहर निगला
जालंधर | लम्मापिंड में मायके घर में महिला ने जहर खाकर सुसाइड कर ली। आत्महत्या का कारण विदेश से लौटे पति का चरित्र पर अंगुली उठाना और मारपीट करना बताया जा रहा है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर आदमपुर के घडियाणा में रहने वाले जसविंदर सिंह पर केस दर्ज कर लिया है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसएचओ बिमलकांत ने बताया कि लम्मा पिंड के लेखराज ने बताया है कि बेटी दलजीत की शादी दस साल पहले घडियाणा के जसविंदर सिंह से की थी। उसकी नौ साल की बेटी है। दामाद दुबई में रहता है और एक महीने पहले आया था। बेटी ने बताया था कि पति उसके चरित्र पर अंगुली उठा कर तंग करता है।
लेखराज ने कहा कि बेटी को लेने के लिए वह ससुराल जाने के लिए निकल रहा था कि दोपहर 12 बजे दलजीत खुद ही बेटी के साथ गई। उसने कहा कि पति के तानों और मारपीट से तंग चुकी है। उसने जहर खा लिया। वह दलजीत कौर को अस्पताल लेकर गए लेकिन वह दम तोड़ चुकी थी। एसएचओ का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रेड की जा रही है।