कूड़ा फेंकने वालों को रोकने के लिए लोगों ने डंपों पर लगवाए सीसीटीवी
देशमें जालंधर इकलौता शहर होगा जहां रेजीडेंट्स को कूड़े के ढेर रोकने के लिए सीसीटीवी का पहरा देना पड़ रहा है। ग्रीन एक्टीविस्ट गौरव जैन 23 फरवरी को यह दलील ग्रीन ट्रिब्यूनल में रखेंगे। ट्रिब्यूनल ने इस दिन लोकलबाडीज विभाग को तलब किया है। विभाग को साॅलिड वेस्ट प्रोजेक्ट की स्टेट्स रिपोर्ट ट्रिब्यूनल में रखनी होगी। बताना होगा कि ग्राउंड लेवल पर कितना काम हुआ है। नकोदर के ग्रीन एक्टीविस्ट गौरव जैन की याचिका पर उक्त व्यवस्था को लागू करने की बात लोकलबाडीज विभाग ने ग्रीन ट्रिब्यूनल में की थी।
जैन ने ट्रिब्यूनल में कहा कि इसे लागू करने के ऑर्डर आए हुए महीनों बीत गए लेकिन विभाग लगातार प्रोजेक्ट टाल रहा है। जैन ने डिप्टी सीएम सुखबीर बादल को प्रोजेक्ट बाबत लैटर भी लिखा है। इसमें उनसे आग्रह किया है कि वह लोगों के बीच आकर इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा करें। वहीं, डिप्टी सीएम 18 फरवरी को जालंधर आएंगे। उनके सामने प्रोजेक्ट लागू करने का मसला रखने की तैयारी भी है।
पक्का बाग और कनाट सर्कस | पक्काबाग वेलफेयर सोसायटी ने गली कूचों में डंपों की जगह पर कूड़ा फेंकने के बैनर लगाए। लोग इन्हें देख दूसरी जगह जाने लगे। फिर कनाट सर्कस को जाने वाली गलियों पर लोगों को बैनर लगाने पड़े।
अलास्का चौक| लाडोवालीरोड पर अलास्का चौक में एजुकेशनल इंस्टीट्यूट हैं। सबसे पहले माॅडल स्कूल, फिर बीएड काॅलेज, जीएनडीयू काॅलेज, शिक्षा विभाग का दफ्तर, पंजाब स्कूल बोर्ड का दफ्तर। निगम ने इसी रोड पर खुला डंप बना दिया। दुकानदारों ने पहले सफाई करवाई। अब सीसीटीवी से निगरानी का बोर्ड लगाया।
शहर में जगह जगह ओपन डंप है। लोगों ने कूड़ा फेंकने से रोकने के लिए डंप की जगह स्वच्छ भारत अभियान के बैनर भी लगाए लेकिन लोग अब भी कूड़ा फेंक जाते हैं। इन लोगों को समझाने के लिए सीसीटीवी लगाने की तैयारी की गई है।
माई हीरां गेट | माईहीरां गेट में शीतला मंदिर के पास दुकानदारों ने ओपन डंप हटाने के लिए हफ्तों कोशिश की। निगम की व्यवस्था पर तंज कसा - स्वच्छ भारत का फ्लैक्स लगाकर। अब यहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं ताकि कूड़ा फेंकने वाले एक्सपोज हो सकें।