कार और तेल टैंकर की टक्कर से दंपति की मौत
क्राइम रिपोर्टर | जालंधर.भोगपुर
जालंधर-पठानकोट रोड पर ब्यास पिंड के पास सुबह तेल टैंकर और कार की टक्कर में पठानकोट के महाजन दंपति की मौत हो गई। ड्राइवर राम लाल जख्मी हुआ है। उसे इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। हादसे के बाद तेल टैंकर लेकर ड्राइवर फरार हो गया। चौकी किशनगढ़ इंचार्ज सतपाल सिद्धू का कहना है पुलिस पैट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज से तेल टैंकर का पता लगा रही है।
जख्मी राम लाल ने पुलिस को बताया पठानकोट के रहने वाले 65 साल के बृज मोहन महाजन और 60 साल की ऊषा महाजन के साथ वह सुबह पांच बजे कार में लुधियाना के लिए निकले थे। बृज मोहन किडनी रोगी हैं तो वह हर महीने चेकअप के लिए डीएमसी लुधियाना आते थे। जब उनकी कार भोगपुर पार कर ब्यास पिंड के पास पहुंची तो सर्विस लेन से एक तेल टैंकर तेजी से जीटी रोड पर गया जिससे उनकी कार की टक्कर हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक फरार हो गया। लोगों ने तीनों को बाहर निकाला लेकिन बृज मोहन का मौके पर निधन हो चुका था और ऊषा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। महाजन हिमाचल प्रदेश के बिजली विभाग के रिटायर्ड अधिकारी थे। उनका बेटा राकेश महाजन नई दिल्ली स्थित बैंक ऑफ अमेरिका में जॉब करता है।
राकेश ने बताया पापा का चेकअप करवाना था तो वह दिल्ली से ट्रेन और मम्मी-पापा कार में लुधियाना के लिए निकले थे। सात बजे पता चला एक्सीडेंट में मम्मी पापा की मौत हो गई है।