गौर से देखिए इन बाइक्स को, कहीं कोई आपकी तो नहीं
बूटा पिंड में चोरी का सामान बेचने के इंतजार में थे तीन चोर
जालंधर | कमिश्नरेटके सीआईए स्टाफ ने वडाला चौक से एक चोर गैंग को गिरफ्तार किया है। गैंग का किंगपिन अपने दो दोस्तों के साथ बूटा पिंड में चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक के इंतजार में थे। पुलिस ने काजी मोहल्ला के राघव कुमार अरोड़ा, जैमल नगर के आकाश वर्मा उर्फ रवि और लम्मा पिंड चौक के पास स्थित गुलमर्ग कालोनी के गगनदीप सिंह को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। फरार चौथे आरोपी कोट किशन चंद्र के नमन की तलाश की जा रही है। इनके कब्जे से 10 मोबाइल फोन, दो सोने की बालियां, तीन घडियां, 9 गैस सिलेंडर, तीन बाइक और तीन स्कूटरी बरामद की गई है।
एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन विवेकशील सोनी और एसीपी हरजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक चोर गैंग बूटा मंडी की चारा मंडी में चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। इंचार्ज गुरप्रीत सिंह और एएसआई मोहन सिंह ने रेड कर राघव और उसके दो साथी पकड़ लिए। पूछताछ में यह बात सामने आई कि राघव और आकाश पेशेवर चोर है। इन पर पहले भी चार-चार केस दर्ज है। इन में वह जमानत पर है। राघव की गैंग में मूल रुप से लुधियाना के शिव नगर का रहने वाले गगनदीप शामिल हो गया था। गगन एक एडवोकेट का मुंशी है। आरोपी रात में घरों में चोरियां किया करते थे। आरोपी पूछताछ में मानते है कि रामामंडी और थाना तीन के एरिया में चोरियां की है। एडीसीपी ने कहा पूछताछ में और भी केस सामने आने की उम्मीद है।
देहात पुलिस की पूछताछ में ये बात सामने आई कि इस गैंग ने दोआबा में 17 लूट की वारदातें की हैं। शहरी पुलिस ने कहा कि राघव गैंग पहले भी पकड़ा जा चुका है जमानत पर छूटने के बाद उसने रामामंडी में ज्यादा चोरियां की हैं।