सीनियर भाजपा नेता का ‘चेला’ 35 पेटी शराब के साथ गिरफ्तार
काजीमंडीके भीम नगर में रहते अजीत सिंह और उसके साथी जयदेव उर्फ अजय को स्पेशल स्टाफ की पुलिस ने शराब तस्करी में अरेस्ट किया है। दोनों कार में 35 शराब की पेटियां लेकर जा रहे थे। कार पर स्कूटर का नंबर लगाया हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपी कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिए हैं। अजीत सिंह सीनियर भाजपा नेता का चेला है। हालांकि पुलिस का कहना है कि ऐसी बात जांच में नहीं आई है। आरोपी अजीत पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं।
एसीपी हरजिंदर सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज अंग्रेज सिंह को सूचना मिली थी कि कार में कुछ लोग फर्जी नंबर लगाकर शराब की तस्करी करते हैं। एएसआई नरिंदर सिंह ने नंगलशामा चौक के पास से कार पकड़ कर तलाशी ली तो उसने 35 पेटी शराब मिली। आरोपी मानते हैं कि वह फिल्लौर से शराब लाकर बेचते थे। थाना रामामंडी में इनके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा-61 और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। एसीपी का कहना है कि अजीत के पूरे नेटवर्क को ब्रेक करने के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस कार का रिकार्ड निकलवा रही है।
मेरी तो अब यारी टूट चुकी है : अजीत
अजीतमीडिया के सामने आया तो पहले कुछ नहीं बोला। उसे भाजपा नेता की कोठी में आने-जाने के बारे पूछा तो उसने कहा कि पांच साल पहले यारी टूट चुकी है। नेता जी का कोई हाथ नहीं है। वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था, लेकिन ज्यादा पैसे कमाने के चक्कर में शराब बेचनी शुरू कर दी। आरोपी नेता का खास आदमी बताकर सरेआम शराब बेचा करता था और पुलिस उस पर हाथ नहीं डालती थी।
आरोपी इतने शातिर हैं कि उन्होंने कार पर स्कूटर का नंबर लगाया हुआ है। पुलिस ने अजीत और उसके साथी को पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।