एनआरआई की जमीन का सौदा करने वाले पकड़े
पुलिसनेएक ऐसे शातिर गैंग को ब्रेक किया है जो विदेश में रहने वाले एनआरआई की जमीन का सौदा कर ठगी करता था। इस गैंग ने साढ़े 27 लाख की ठगी की है। पुलिस ने गैंग से जुड़े तीन आरोपी पकड़े हैं जबकि मास्टरमाइंड नकोदर के गांव तलवंडी भरो का रहने वाला अमरजीत सिंह गोल्डी फरार है। थाना डिवीजन नंबर सात में इस बाबत केस दर्ज है। पकड़े गए आरोपियों में गांव चिट्टी का रहने वाला लवप्रीत सिंह उर्फ अजय, हरजिंदर सिंह जिंदर और फोल्ड़ीवाल कॉलोनी का तलजिंदर सिंह हैं। एसएचओ नवदीप सिंह और एएसआई गुरपाल सिंह ने इस गैंग को पकड़ कर पूछताछ शुरु की तो यह बात सामने आई कि गैंग को गोल्डी चला रहा था। लवप्रीत सिंह ने दुबई से लौटे एनआरआई चरनजीत सिंह बन कर उसकी जमीन का सौदा गार्डन कालोनी के बलविंदर सिंह से करते हुए एडवांस 5 पांच लाख लिए थे। इसी तरह तलजिंदर सिंह ने इंग्लैंड में रहते हरदीप सिंह बन कर अशोक कुमार से जमीन का सौदा तय कर साढ़े पांच लाख लिए। तीसरे आरोपी हरजिंदर सिंह ने कीनिया में रहते मनजीत सिंह बन कर उसकी जमीन का सौदा छोटी बारादरी में रहते गुरपाल सिंह से करते हुए 9 लाख रुपए लिए थे। तीनों ने फर्जी पहचान पत्र बनाए हुए थे। मामला का खुलासा तब हुआ जब जमीन की रजिस्ट्री करवाने उक्त आरोपी नहीं आए। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो पता चला है 24 साल के लवप्रीत चालीस साल का चरनजीत सिंह बना था और चरनजीत के नाम पर फर्जी लाइसेंस बनाया था। दोनों अन्य ने फर्जी आधार कार्ड। तीनों आरोपी मानते है कि सारा काम गोल्डी का है। गोल्डी के पकड़ में आने के बाद ही पता चलेगा कि फर्जी दस्तावेज कहा बनते थे।