फगवाड़ा। बाबा गद्दिया क्षेत्र से 2 बाइक सवार लुटेरों ने युवती के गले से चेन झपट ली। युवती ने बहादुरी दिखाते हुए उन लुटेरों का पीछा किया। जब झपटमार सब्जी मंडी में पहुंचे तो युवती के शोर मचाने पर लोगों ने उन्हें दबोच लिया। हालांकि युवती लुटेरों का पीछा करते समय एक कार से टकराकर जख्मी भी हो गई, परंतु उसने हौसला नहीं हारा और उनका तब तक पीछा किया जब तक कि वे पकड़े नहीं गए। लोगों ने उन लुटेरों को पुलिस के हवाले कर दिया है।
बलजीत कौर पुत्री जसबीर सिंह निवासी नवांपिंड अकालगढ़ ने बताया कि वह रामगढ़िया कालेज में बीसीए फाइनल ईयर कर रही है। कालेज के बाद करीब 4.30 बजे वह एक्टिवा पर घर लौट रही थी। रास्ते में बाबा गद्दिया चौक के निकट पीछे से आए 2 मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। उसने बहादुरी दिखाते हुए उन लुटेरों का करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया। झपटमार सब्जी मंडी में घुसे तो पीछे-पीछे वह भी जा रही थी।