जालंधर। शहर में एटीएम काटने की 72 घंटे में दूसरी घटना ने एटीएम की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बार गैंग ने अर्बन इस्टेट फेस 2 मार्केट में इलाहाबाद बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। गैंग एटीएम को गैस कटर से काट कर सवा आठ लाख रुपए चोरी कर ले गया।
हालांकि एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड होता है लेकिन सुबह की ड्यूटी पर आने वाले गार्ड का बच्चा बीमार था तो वह लेट आया था। अभी यह साफ नहीं हो पाया कि लुटेरे सुबह कितने बजे वारदात को अंजाम देकर गए हैं लेकिन सुबह आठ से लेकर सवा नौ बजे तक एटीएम में कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं था।
पुलिस ने गार्ड प्रेम नाथ, सोमनाथ और रंजीत से पूछताछ कर जांच शुरू की है। पुलिस को एक यह सवाल तंग कर रहा है कि मार्केट में कुल आठ एटीएम हंै और उन्होंने उसी एटीएम को निशाना बनाया जहां सवा घंटे तक के लिए गार्ड नहीं था। हालांकि पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरे से पता चला है कि आधी रात से सुबह छह बजे तक पुलिस ने तीन बार मार्केट में आकर चैकिंग की थी।
एडीसीपी अमरीक सिंह पवार का कहना है-पुलिस जांच कर रही है। एटीएम का एक कैमरा आरोपी साथ ले गए हैं और एटीएम के अंदर लगे कैमरे में तकनीकी खराबी के कारण फुटेज नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस मान कर चल रही है वारदात आठ से सवा नौ बजे के बीच हुई है।
गार्ड का था बेटा बीमार इसलिए लेट आया
बैंक के सीनियर मैनेजर मुख्तियार सिंह ने बताया सुबह आने वाले गार्ड रंजीत ने रात के गार्ड को बताया था उसका बेटा बीमार है तो वह छह बजे नहीं बल्कि दो घंटे लेट आठ बजे आएगा लेकिन वह दो घंटे नहीं सवा तीन घंटे लेट आया। रंजीत ने ही एटीएम कटा देख कर फोन किया था।
मैनेजर ने कहा-एटीएम में दस फरवरी को दस लाख रुपए डाले गए थे। पुलिस ने गार्ड सोमनाथ से पूछा तो उसने कहा कि रात में वह ड्यूटी पर आया था और उसे बताया गया था कि सुबह रंजीत दो घंटे लेट आएगा, लेकिन वह आठ बजे तक नहीं आया था। इसलिए वह चला गया था। दूसरे गार्ड रंजीत ने कहा-बच्चे की तबीयत खराब होने के कारण वह ज्यादा लेट हो गया था और सवा नौ बजे ड्यूटी पर आया तो एटीएम कटा मिला।