जालंधर-टांडा। नेशनल हाईवे के चौगिट्टी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बस की टक्कर से स्कूटी के पीछे बैठी 28 साल की नवदीप कौर की मौत हो गई। 21 फरवरी को उसकी शादी थी। हादसे में उसका चचेरा भाई सुखजीत भी जख्मी है। बस का टायर नवदीप की कमर से निकल गया। टांडा के गांव हुसैनपुर (लालोवाल) की नवदीप कौर की लाश परिवार को सौंप दी है। नवदीप एआईजी (सीआईडी जालंधर) मंदीप सिंह की साली थी।
ग्रेजुएट नवदीप की 21 फरवरी को शादी होनी थी। शॉपिंग के लिए शहर आ रही थी। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर बस ड्राइवर रंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एआईजी ने कहा- शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस को सुखजीत सिंह ने बताया कि वह चचेरी बहन नवदीप कौर के साथ शॉपिंग के लिए जालंधर आ रहा था। चौगिट्टी फ्लाईओवर के पास पीछे से तेजी से आई भगत बस सर्विस की बस ने टक्कर मार दी। नवदीप नीचे गिर गई और बस का टायर उसके ऊपर से निकल गया। वह दूसरी ओर गिर गया था। थाना रामामंडी के एसएचओ भूषण सेखड़ी का कहना है कि पुलिस ने बस कब्जे में लेते हुए ड्राइवर अरेस्ट कर लिया है।
कुलदीप सिंह की दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी मनजिंदर कौर शादी के बाद कानपुर में रहती है। उसके देवर से ही नवदीप की शादी होनी थी। पत्नी बलवीर कौर, बेटा नगिंदर सिंह और बेटी नवदीप कौर के साथ दो दिन पहले पैतृक गांव हुसैनपुर (लालोवाल) आए थे। सुबह बेटी भतीजे सुखजीत सिंह के साथ शादी की शॉपिंग के लिए स्कूटी पर निकली थी। दोपहर को फोन आया कि बेटी का एक्सीडेंट हो गया है। यहां आए तो पता चला कि बेटी अब इस दुनिया में नहीं है। मां हाउसवाइफ है।