पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Jalandhar
  • अटारी बाजार में जनता हैंडलूम का गोदाम में लगी आग, लेट पहुंची फायर ब्रिगेड

अटारी बाजार में जनता हैंडलूम का गोदाम में लगी आग, लेट पहुंची फायर ब्रिगेड

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जालंधर। अटारी बाजार की तंग गलियों में बने जनता हैंडलूम के तीन मंजिला गोदाम में वीरवार रात नौ बजे आग लग गई। लगभग डेढ़ घंटे कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गोदाम तक फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी को पहुंचने में 40 मिनट का समय लग गया। तंग गलियों में कब्जे, लटकती बिजली की तारों और बैनरों के कारण गाड़ी इमाम नासिर चौक से बैक करके गोदाम तक पहुंचाई जा सकी। तब तक लोगों ने किसी तरह खुद ही पानी का जुगाड़ कर आग को बुझाने की कोशिश की।

बाजार में लगे फायर हाईड्रेंट भी मौके पर नहीं चले। नगर निगम के अफसरों को कहकर पानी चालू कराया गया ताकि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भरी जा सकें और फायर हाईड्रेंट को भी चालू किया जा सके लेकिन साढ़े 10 बजे तक पानी नहीं चालू हुआ था। आसपास के दुकानदार भी घबराए रहे। भीड़ के कारण भी आग बुझाने में दिक्कतें पेश आईं। खबर लिखे जाने तक आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया था। शाॅर्ट सर्किट होने की संभावना जताई जा रही है।

जनता हैंडलूम के मालिक प्रवीण महाजन बब्बी ने बताया कि अटारी बाजार में शोरूम से कुछ दूरी पर गली में उनका तीन मंजिला गोदाम है। पहले वो उनकी रिहायश थी लेकिन वहां से साथ ही दूसरे मकान में शिफ्ट हो गए और उसे गोदाम बना दिया। वीरवार रात करीब नौ बजे दुकान बंद करके घर ही पहुंचे थे कि फोन पर आग लगने का पता चला। वे लोग जैसे ही पहुंचे, आग पूरी तरह फैल चुकी थी। पांच मिनट के भीतर ही दुकानदारों ने फायर ब्रिगेड को फोन कर दिया था लेकिन बाजार की गलियां तंग होने और थड़े बने होने के कारण गाड़ी सामने के रास्ते से नहीं आ पाई। तब गाड़ी को इमाम नासिर की तरफ से लाया गया।
कई बाधाएं रास्ते में हटानी पड़ी। आग देखने पहुंचे लोगों ने अपने दोपहिया वाहन भी बाजार में ऐसे ही टेढ़े-मेढ़े खड़े कर दिए थे जोकि बाधा बने। गाड़ियों को गलियों से निकालने में थाना तीन के एसएचओ सुखबीर सिंह ने मदद की। आग पर रात 11 बजे काबू पा लिया गया था। मौके पर इलाका पार्षद सुमन सहगल, पार्षद मिंटा कोछड़, प्रदेश उपप्रधान रवि महेंद्रू और अनिल सच्चर भी पहुंचे।
डेढ़ घंटे बाद छह गाड़ियों की मदद से बुझाई जा सकी आग
आग लगने के बाद बिजली निगम के मुलाजिमों को बिजली बंद करने के लिए बुलाया गया। वे लोग आए लेकिन हमारा एरिया नहीं कहकर लौट गए जिससे दुकानदार भड़क गए। दुकानदारों ने विरोध किया तो दोबारा बिजली मुलाजिम आए और बिजली बंद की। बिजली बंद होने से पानी भी बंद हो गया। निगम अफसरों का दावा है कि उन्होंने आग लगने के 40 मिनट के भीतर पानी चालू कर दिया था ताकि आग बुझाने के उपकरण चल सकें। इस मामले में जालंधर सर्किल के एसई गोपाल शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों का रवैया ठीक नहीं था। हालांकि वह बिजली बंद कर आए थे लेकिन यह लापरवाही है। ढीली तारों को भी तुरंत कसवाया जाएगा।
गलियों में कब्जों के कारण गाड़ी लेट पहुंची : फायर अफसर
फायर अफसर बीबी जस्सी ने बताया कि बाजार में आग की सूचना मिलते ही हमने छह गाड़ियों को मूव कर दिया था लेकिन तंग बाजार में लटकती बिजली की तारें, तिरपालें, दुकानों के बोर्ड और थड़ों की वजह से गाड़ी सीधा बाजार में नहीं जा सकी। उसे इमामनासिर की तरफ से बैक करके अंदर लाया गया। हमने छह गाड़ियों की मदद से आग पर करीब डेढ़ घंटे में काबू पाया।
कब्जों की बात मत करो, फायर ब्रिगेड लेट थी : सहगल
इलाका पार्षद सुमन सहगल का कहना है फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ही आग बुझाने के लिए लेट पहुंची। रिपोर्टर्स ने पूछा कि गली में थड़े और अन्य कब्जे हैं तो पार्षद बोलीं कि एन्क्रोचमेंट की बात मत करो। यह गलती फायर ब्रिगेड की है।
खबरें और भी हैं...