पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Auto Dealers Are Payback Logistics Charging

विरोध करने पर कारों के लॉजिस्टिक चार्ज लौटाने लगे हैं ऑटो डीलर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जालंधर. कारोबारी करण सेतिया ने वरना कार खरीदी है। आॅटो डीलर ने 45 सौ रुपए बतौर लॉजिस्टिक चार्ज ले लिए। यानी कार का फैक्ट्री से शोरूम तक कार लाने में जो ढुलाई खर्च हुआ है उसके पैसे। उन्हें ये जानकारी नहीं थी कि सुप्रीम कोर्ट इन चार्ज को गैर कानूनी घोषित कर चुका है। सुप्रीम कोर्ट के आर्डर के बाद दिल्ली, कोलकाता और मुंबई जैसे शहरों में तो लॉजिस्टिक चार्ज के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूलने बंद हो गए, लेकिन पंजाब में ये सिलसिला जारी है। जालंधर में जिन लोगों को कोर्ट के आर्डरों का पता है, उन्होंने आॅटो डीलरों से पैसे वापस लिए हैं।

ऑटो डीलरों के पास कार खरीदने जाएं तो जो प्राइस कोटेशन ग्राहक के सामने रखा जाता है, उसमें तीन चीजें लिखी होती हैं। पहला एक्स शो रूम प्राइस, दूसरा - आरसी फीस, तीसरा- लॉजिस्टिक चार्जिज। कार फाइनेंस एडवाइजर अमित मल्होत्रा बताते हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने 25 सितंबर 2012 को लाॅजिस्टिक चार्ज पर रोक लगा दी थी। छोटे शहरों में लोग इससे अंजान हैं। इसलिए ये पैसा दे देते हैं। रसीद पर इन्हें अदर चार्ज लिखा जाता है। रोजाना लाखों रुपए ग्राहकों की जेब से निकाले जा रहे हैं। उपभोक्ता मामलों के एक्सपर्ट एडवोकेट सुमित बजाज बताते हैं कि दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे शहरों में सुप्रीम कोर्ट के आर्डरों के बाद ऑटो डीलरों ने उक्त चार्ज वसूलने बंद कर दिए थे।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था ग्राहकों के साथ क्यों खेला जा रहा?
सी. राजा रमन नामक ग्राहक ने सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका डाली थी। इस पर फैसला 25 सितंबर, 2012 को आया था। सी. राजा रमन ने दलील दी थी कि कंपनियां सारे खर्च डालकर एक्सशोरूम प्राइस फिक्स करती हैं। कार के कारखाने से शोरूम तक कार को ढोने का खर्च लेना गलत है। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा था कि इन चार्ज के नाम पर ग्राहकों के साथ क्यों खेला जा रहा है? ये भी कहा था - कहां हैं मोटर व्हीकल एक्ट के नियम, जिन्होंने आपको (ऑटो डीलर) को इसके लिए आथोराइज किया?
कोर्ट का फैसला दिखा 3500 वापस लिए
मैंने मारुति-सुजूकी की कार खरीदी। डीलर ने 3500 रुपए काट लिए। मैंने सुप्रीम कोर्ट का फैसला उन्हें दिखाया। कह दिया कि कंज्यूमर कोर्ट मामला लेकर जाऊंगा। इसके बाद ये पैसा डीलर ने वापस किया।
-अजय महेंद्रू, हैंडटूल कारोबारी