पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजालंधर. निकाय मंत्री भगत चूनी लाल के खिलाफ शहर के उद्यमियों-कारोबारियों में उपजे रोष को थामने रविवार को मोहिंदर भगत सामने आए। मैनब्रो चौक पर सीवरेज बोर्ड के रेस्ट हाउस में डेढ़ घंटे तक व्यापारियों की खरी-खोटी सुनने के बाद जूनियर भगत माफी मांगने से यह कहकर बचे- मंत्रीजी ऐसा बयान दे ही नहीं सकते। जो खुद व्यापारी हो, वह व्यापारी के खिलाफ कैसे बोल सकते हैं।
मोहिंदर भगत ने सफाई दी कि वह पंजाब से बाहर थे, इसलिए इतने दिनों तक भ्रम बना रहा। ऐसा कुछ नहीं है। आखिरकार व्यापारी पसीजे और १६ को मंत्री का घर घेरने का ऐलान वापस ले लिया। चार मई को मंडी गोबिंदगढ़ में बयान देने के बाद अपने ही घर में घिरने लगे थे भगत चूनी लाल। बस्ती क्षेत्र से ही उनके विवादित बयान पर बवाल उठा था। व्यापारियों ने उन्हें चेतावनी दी हुई थी कि 14 मई तक बयान पर खेद व्यक्त करें।
ऐसा न करने पर 16 मई को उनके जेपी नगर स्थित घर का घेराव होगा। मंत्री के खिलाफ ये बवाल तब उठा है जब पंचायत चुनाव हैं। कर्नाटक में हार के बाद पंजाब में लोकसभा चुनाव से पहले अगुवाई में परिवर्तन की मांग उठ सकती है। पार्टी में दबाव और व्यापारियों के गुस्से को भांप रविवार को मोहिंदर भगत सीवरेज बोर्ड के रेेस्ट हाउस में व्यापारियों के बीच पहुंचे।
उन्होंने तमाम कारोबारी संगठनों के सदस्यों के बीच कहा कि उन्होंने मंडी गोबिंदगढ़ में भगत चूनी लाल ने व्यापारियों के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया। बकौल मोहिंदर भगत, हम तो खुद व्यापारी हैं। व्यापारियों की समस्याओं को समझते हैं। इनके हल के लिए तत्पर हैं।
इस दौरान व्यापार सेना पंजाब के प्रधान रविंदर धीर ने वैट रिफंड न मिलने की समस्या भी उठाई। फेडरेशन आफ इंडस्ट्री एंड कामर्स के प्रधान गुरशरण सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार व्यापारियों की सहनशीलता की परीक्षा न ले। वैट रिफंड जारी करे।
इस पर मोहिंदर भगत ने कहा कि ये समस्या सरकार से सामने रखी जाएगी। इस दौरान फगवाड़ा गेट इलेक्ट्रिकल मार्केट प्रधान गुरमीत सिंह बिट्टू, नट बोल्ट एसोसिएशन के डीएल सभ्रवाल, खेल उद्योग संघ के विजय धीर, व्यापार सेना पंजाब के विपिन प्रिंजा, मैटल ट्रेडर्स की एसोसिएशन के सतीश गुप्ता व नरेश अग्रवाल, प्रवीण आनंद, केएल जैन, रबड़ व्यापारी अशोक मागो, प्रमोद मल्होत्रा, ललित साहनी सहित तमाम व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
ये था भगत चूनी लाल का विवादित बयान
चार मई को भगत चूनी लाल मंडी गोबिंदगढ़ में आमंत्रित थे। उन्होंने बयान दिया- व्यापारी किसानों की तरह रियायतें लेने के लिए जानबूझकर व्यापार को डूबा हुआ बता रहे हैं। पंजाब में वैट कलेक्शन बढ़ रहा है। इससे पता चलता है कि व्यापार भी बढ़ रहा है...।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.