दसूहा. नौ लोगों से गैस एजेंसी दिलाने का झांसा देकर करीब 1.50 करोड़ की ठगी करने के आरोप में थाना दसूहा की पुलिस ने छह लोगों पर मामला दर्ज किया है। आरोपियों में विजय कुमार वर्मा, पवन कुमार वर्मा, दलीप कुमार वर्मा, राकेश कुमार वर्मा सभी निवासी ईस्ट पटेल नगर नई दिल्ली, गुलशन भगत निवासी मियानी, केशव महाजन आजाद नगर गुरदासपुर शामिल हैं।
पुलिस ने यह मामला दसूहा के सुखविंदर के बयानों के आधार पर दर्ज किया है। एएसआई मोहन लाल ने बताया कि उक्त आरोपियों ने प्राची गैस बॉटलिंग प्राइवेट लिमिटेड की गैस डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर मुकेरियां, गढ़दीवाल, दसूहा, टांडा, चब्बेवाल, माहिलपुर, गढ़शंकर व अन्य स्थानों पर लोगों से संपर्क किया था।
उन्होंने लोगों से उक्त गैस एजेंसी का लाइसेंस दिलवाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति से 2 लाख रुपए और सिक्योरिटी के बदले 8-8 लाख रुपए लिए थे। जोकि कुल मिलाकर करीब 1.50 करोड़ बनता है। बाद में गैस प्लांट बंद होने का हवाला देकर गैस सप्लाई नहीं दी। इस पर सभी डीलरों ने इसकी शिकायत एसएसपी होशियारपुर को दी।