जालंधर। पार्षद बाल कृष्ण बाली के बेटे नन्नू ने घूरने को लेकर किशनपुरा के युवक के गले पर चाकू मार दिया। गंभीर जख्मी युवक सिविल अस्पताल में भर्ती है। देर रात तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। डीएवी यूनवर्सिटी में पढ़ने वाले मुनीष कुमार लक्की के पिता मदन लाल ने बताया कि रात करीब नौ बजे बेटा घर से दूध लेने निकला था। किशनपुरा में वह दोस्त के पास खड़ा था कि उधर, वार्ड सात के पार्षद बाल कृष्ण बाली का बेटा नन्नू आया और बेटे को घूरने लगा। वह नशे में था।
वह मनीष के पास आया और कहने लगा कि मेरी तरफ क्यों देख रहा है। इतना कहते ही उसने चाकू निकालकर मनीष के गले पर फेर दिया। नन्नू ने कहा कि -मेरी तरफ कोई नहीं देखेगा। दोबारा फिर उसने मनीष पर फिर हमला कर दिया। मनीष ने उसका मुकाबला किया तो चाकू जमीन पर गिर गया। उसने मनीष की पेट पर लातें मारीं और फिर चाकू उठा लिया। लोग इकट्ठा हुए तो वह भाग गया। लोगों ने पीडब्लूडी में मुलाजिम मनीष के पिता मदन लाल को सूचना दी और वह उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने कहा कि -हालत खतरे से बाहर है। मनीष ने बताया कि उसकी नन्नू के साथ कोई बोलचाल नहीं है। उसने सिर्फ देखने को लेकर ही हमला किया। अगर मुकाबला न करता तो नन्नू उसे जान से मार देदा।
अस्पताल पहुंचे बाली ने कहा-पर्चा मत करवाओ
मनीष के पिता मदन लाल ने बताया कि वह रात करीब दस बजे बेटे को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टर उसका इलाज कर रहे थे कि कुछ देर बार पार्षद बाल कृष्ण बाली भी आ गए। बोले- उनके बेटे से गलती हो गई आप पर्चा मत दर्ज करवाओ। मदन लाल ने कहा कि वह अभी कोई बात नहीं करना चाहते। बेटे का इलाज करवा लें सुबह बात करेंगे। जब भास्कर ने बाली से बात की तो वह बोले कि- मुझे नहीं पता कि ऐसा किस तरह हो गया। अगर ये हुआ है तो बहुत गलत हुआ।
(फोटो- मनीष कुमार लक्की के गले पर चाकू से वार किया गया। लक्की डीएवी यूनिवर्सिटी में बीपीएड फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है।)