जालंधर. पंजाब ग्रामीण बैंक की वरियाणा ब्रांच में शुक्रवार रात गैस कटर गिरोह ने चोरी की कोशिश की। गिरोह ने कटर से बैंक के शटर को लगा एक ताला काटा और अंदर दाखिल हुए। उन्होंने बिना रिकार्डिंग के चल रहे तीन कैमरे तोड़ दिए और फिर स्ट्रांग रूम पर गैस कटर चलाया। स्ट्रांग रूम का घूमने वाला लॉक उन्होंने काट दिया और गेट काटने की कोशिश की। कई प्रयासों के बाद भी रूम नहीं खुला तो गिरोह लौट गया। वारदात का खुलासा शनिवार सुबह पौने नौ बजे हुआ जब किसी फैक्ट्री वर्कर ने बैंक मैनेजर को फोन किया। कैमरों की रिकार्डिंग करने वाला डीवीऑर कुछ दिन पहले खराब हो गया था, जिसे बैंक ने ठीक करने के लिए दे रखा था।
थाना बस्ती बावा खेल पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मामला उनकी हद में न होने कारण थाना मकसूदां पुलिस पहुंची।
शटर का एक ताला काटा, शीशे वाला दरवाजा तोड़ अंदर घुसे
ब्रांच मैनेजर राम आसरा सिद्धू ने बताया कि उन्होंने 1 सितंबर को ही चार्ज संभाला था। शुक्रवार शाम करीब सवा पांच बजे बैंक बंद करवाकर गए थे। सुबह 08:45 पर किसी फैक्ट्री वर्कर ने ताला कटे होने की सूचना दी। वह मौके पर आए तो शटर नीचे था। अंदर गए तो हालात देखकर दंग रह गए। बैंक के शटर पर एक ही ताला था, जिसे गिरोह ने गैस कटर से काटा। उसके बाद एल्युमीनियम का गेट था। लुटेरे गेट खोलने की बजाए शीशा तोड़कर अंदर घुसे। तीनों कैमरे तोड़े और सारे दराज खोले। वह पीछे किचन और बाररूम की तरफ भी गए। बैंक से कुछ भी चोरी नहीं हुआ है।
पीएनबी के दो बैंक बन चुके निशाना
करीब दो साल पहले पंजाब नेशनल बैंक की लाडोवाली रोड ब्रांच में गिरोह ने चोरी का प्रयास किया। चोर खिड़की के माध्यम से दाखिल हुए थे। उन्होंने भी स्ट्रांग रूम को काटने की कोशिश की थी, मगर असफल रहे थे। कुछ महीने बाद गिरोह ने पीएनबी की काला बकरा ब्रांच में स्ट्रांग रूम काटने का प्रयास किया था। पुलिस गिरोह को पकड़ने में नाकामयाब रही है।
करीब एक घंटे तक स्ट्रांग रूम खोलने की कोशिश
ब्रांच मैनेजर मुताबिक स्ट्रांग रूम बेहद मजबूत है। आग लगने पर भी स्ट्रांग रूम को कुछ नहीं हो सकता है। जिस तरह से स्ट्रांग रूम में गैस कटर के निशान है। उससे ऐसा लग रहा है कि जैसे एक घंटे से भी ज्यादा समय गिरोह ने रूम खोलने में लगाया। अगर गेट खुल भी जाता तो अंदर एक और स्ट्रांग रूम था। स्ट्रांग रूम का गेट करीब चार लाख रुपए का बनता है।