जालंधर. दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के मुखिया आशुतोष महाराज की समाधि को लेकर लगातार रहस्य बना हुआ। डॉक्टर बाबा को क्लीनिक्ली डेथ करार कर चुके हैं लेकिन उनके भक्त मानने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि बाबा समाधि में हैं और कभी भी वापस आ सकते हैं।
आश्रम में गाया गया मेरा आशु बाबा आएगा
नूरमहल के दिव्य ज्योति जागृति संस्थान में रविवार को हुए भंडारे के दौरान भक्तों को महाराज की समाधि से वापसी की उम्मीद बंधाई गई। भंडारे के दौरान मेरा आशु बाबा आएगा... भजन गाए गए। एक हिंदी और अंग्रेजी भाषा में वीडियो फिल्म भी जारी की गई। इसमें संस्थान की ओर से महाराज के समाधि से लौटने का दावा किया गया है। वहीं, भंडारे को लेकर भक्तों में सुबह सात बजे से ही जोश देखने को मिला। गरजते बादलों के बीच सुबह दस बजे भंडारा शुरू हुआ। इसमें नूरमहल और आसपास के गांवों से ट्रक, बसों और ट्रॉले में भरकर संगत आई हुई थी।
इस दौरान स्वामी नरेंद्रानंद और साध्वी मनस्वनी भारती ने भक्तों को गुरु शिष्य के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा, शिष्य के जीवन में भक्ति, धैर्य, श्रद्धा, संतोष और प्रेरणा होना जरूरी है। आज से साढ़े दस महीने पहले जब महाराज समाधि में गए थे, तो सभी को लगा कि संस्थान खत्म हो जाएगा। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कहा, हमें यकीन है कि महाराज वापस आएंगे।
संस्कार रोकने को जारी किया टोल फ्री नंबर
डेरा प्रबंधन ने टोल फ्री नंबर 07878-1800-25 जारी किया है। इस पर भक्तों को बुधवार रात 12 बजे तक मिस काॅल करने की अपील की गई। प्रबंधन का कहना है कि ज्यादा से ज्यादा मिस कॉल आने से कोर्ट को बताया जा सकेगा कि कितने लोग नहीं चाहते कि आशुतोष महाराज का अंतिम संस्कार हो। संस्थान से जुड़े भक्त 0965087200 नंबर पर भी अपने विचार सांझे कर सकते हैं। डेरे ने कहा, सोशल साइट्स के जरिए भी भक्तों को गतिविधियां बताई जाएंगी।
डबल बैंच के लिए दी गई है अर्जी
अदालत में याचिका देने वाले पूर्ण सिंह और खुद को महाराज का बेटा कहने का दावा करने वाला दिलीप कोई सबूत नहीं दे पाए हैं। वहीं, कोर्ट के सिंगल बैंच द्वारा 15 दिनों में महाराज के संस्कार के फैसले के विरोध में संस्थान डबल बैंच की मांग करने जा रहा है। इसके लिए अर्जी तैयार है।
सिविल वर्दी में दिखे पुलिसकर्मी
डीएसपी सतीश मल्होत्रा ने बताया कि आश्रम में करीब 20 हजार श्रद्धालु पहुंचे थे। आश्रम प्रबंधकों से पहले ही सुनिश्चित करवा लिया गया था कि शाम तक भक्त आश्रम में न रुकें। पुलिस सिविल वर्दी में डेरे के अंदर मौजूद रही। मीडिया को भंडारे वाले दिन भी आश्रम से दूर रखा गया।
बारिश में राज्य भर से पहुंची संगत
सलेमपुर का रहने वाला तेज सिंह (28) दंडवत करते आश्रम तक गए। वहीं, दोपहर तक केंद्रीय मंत्री विजय सांपला के भंडारे में पहुंचने की खबर आई। दोपहर एक बजे के बाद आश्रम में गतिविधियां कुछ हद तक कम हुई।
आगे की स्लाइड्स में देखें आशुतोष महाराज के क्रेज की PHOTOS...