जालंधर। रैणक बाजार से सटे पक्का बाग की भल्लेआं वाली गली में गंदा पानी आने से डायरिया फैल गया है, जिससे पांच लोग बीमार पड़ गए। लोगों को उल्टी और दस्त हैं। ये समस्या कई दिनों से थी, लेकिन नगर निगम इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा था।
लोगों ने निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसके बाद डिप्टी मेयर अरविंदर कौर ओबराय के पति कुलदीप सिंह ओबराय मौके पर पहुंचे। तभी हेल्थ ऑफिसर डॉ. वरिंदर कालिया भी आए। ओबराय ने लोगों को एक दिन में समस्या हल करने की बात कही और नई वाटर पाइप डलवाने का आश्वासन दिया।
पक्का बाग की रहने वाली नीतू, मधु, आशा, कांता, कोमल, विद्यावंति, कृष्णावंती, तोशी और ऊषा ने बताया कि उनकी गली में 15 के करीब घर है। उनकी गली में कुछ दिनों से सीवरेज का पानी आ रहा है। पानी पीने से इलाके के पांच लोग बीमार पड़ गए हैं। वहीं कुलदीप सिंह ओबराय का कहना है कि लोग गलियों में कूड़ा फेंकते हैं, जिससे सीवरेज बंद हो जाता है। कुछ जगह से वाटर पाइप टूटी हुई है। उस वजह से सीवरेज का पानी मिक्स हो रहा है। लोगों ने वीरवार को ही बताया है। लोग खुद कूड़ा फेंककर समस्या पैदा करते हैं। कोई बीमार नहीं हुआ है।
न्यू गांधी नगर में आ रहा रेतीला पानी, लोग परेशान
लम्मा पिंड से सटे जैमल नगर के बाद अब साथ लगते न्यू गांधी नगर में भी गंदा पानी आना शुरू हो गया है। यहां सीवरेज की जगह रेतीला पानी आ रहा है। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार नगर निगम को इस बारे में शिकायत दी, मगर कोई हल नहीं निकल रहा। न्यू गांधी नगर के रहने वाले हरदीप सिंह ने बताया कि इलाके में पानी की समस्या वैसे तो बहुत पुरानी है, लेकिन बीते दो हफ्तों से रेतीला पानी आ रहा है।
पीना तो दूर लोग उससे नहा भी नहीं पा रहे हैं। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द पानी की समस्या को दूर किया जाए। बता दें कि शहर में पानी की समस्या लगातार जारी है। कभी शहीद बाबू लाभ सिंह नगर, रतन नगर, झांसी कालोनी, जैमल नगर और अब न्यू गांधी नगर इलाका चपेट में आ गया है।
(फोटो- पक्का बाग मेंं आ रहे गंदे पानी को लेकर मौके पर पहुंचे कुलदीप सिंह ओबराय व नगर निगम के अधिकारी डॉ वरिंदर कालिया।)