पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Discount On E ticket Will Now To The Disabled

रेलवे का विकलांगों को तोहफा, अब ई-टिकट पर भी मिलेगी छूट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(सांकेतिक फोटो)
जालंधर. भारतीय रेलवे की ओर से विकलांग लोगों को अब ई-टिकट पर भी छूट देने का फैसला किया है। अभी तक विकलांग लोगों को ई-टिकट पर किराये में छूट नहीं मिलती थी। उन्हें मजबूरन काउंटर टिकट ही लेना पड़ता था। नए आदेश से विकलांग लोगों को टिकट लेने के लिए लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वह ई-टिकट से छूट का फायदा उठा सकते है। इसके लिए विकलांग लोगों को अपने डिवीजन के कामर्शियल डिपार्टमेंट में अपने डॉक्यूमेंट जमा करवाने होंगे। डॉक्यूमेंट को चेक करने के बाद उन्हें फोटो पहचान पत्र जारी किया जाएगा। इससे वह खुद अपना ई-टिकट बुक कर सकते हैं या ई-टिकट की बुकिंग भी करवा सकते हैं। उन्हें नियमानुसार पूरी छूट दी जाएगी। यह पहचान-पत्र अहस्तांतरणीय होगा और केवल कार्ड धारक ही इस कार्ड से यात्रा कर सकेगा। विभिन्न प्रकार की रेलगाड़ियों एवं यात्रा की श्रेणियों में विकलांगता के प्रकार के आधार पर मिलने वाली रियायत दी जाएगी।
विकलांगता के प्रकार के आधार पर केवल एक सहयोगी को ही रियायत के साथ यात्रा करने की अनुमति होगी। कार्ड से आरक्षण काउंटरों एवं आईआरसीटीसी की वेबसाइट से टिकट खरीदी जा सकेगी। बुकिंग के लिए रियायत प्राप्त करने के लिए बुकिंग के समय कार्ड के नंबर का उल्लेख करना होगा कार्ड धारक और उसके साथ यात्रा करने वाले सहयोगी को अपना-अपना मूल फोटो पहचान-पत्र यात्रा के दौरान साथ रखना होगा ताकि अधिकृत रेल कर्मचारी यात्रा के दौरान उसकी जांच कर सके। काउंटर पर रियायती टिकट की बुकिंग के दौरान कार्ड धारक को अपना मूल पहचान-पत्र एवं उसकी एक छाया प्रति प्रस्तुत करनी होगी।
दुरंतो में रेलवे नहीं देता विकलांगों को रियायत
रेलवे राजधानी, शताब्दी समेत सभी ट्रेनों में विकलांग यात्रियों को राहत देता है। दुरंतो के किसी भी कैटेगरी में रेलवे की ओर से विकलांग लोगों को राहत नहीं मुहैया कराई जाती है। राजधानी के थर्ड एसी में 25 फीसदी, शताब्दी के चेयरकार में 25 फीसदी में मूल किराए में छूट दी जाती है। बाकी ट्रेनों के स्लीपर क्लास और थर्ड एसी में 75 फीसदी किराए में छूट मिलती है। जबकि सेकेंड और फर्स्ट एसी में 50 फीसदी किराए में छूट दी जाएगी।
6.50 लाख लोगों को होगा फायदा : लखबीर
पंजाब विकलांग यूनियन के प्रधान लखबीर सिंह सैनी का कहना है कि रेलवे के इस निर्णय से पंजाब के साढ़े छह लाख लोगों को सीधे फायदा मिलेगा। अभी तक टिकट करवाने में विकलांग लोगों को काउंटर में लाइन में लगने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब वह सीधे घर बैठे ही टिकट बुक करवा सकते है। उन्हें पूरा छूट मिलेगा। साथ ही उन्होंने रेलमंत्री से मांग की है कि विकलांग लोगों को स्लीपर क्लास के किराए में पूरी छूट दी जानी चाहिए। उनके साथ चलने वाले सहयोगी से मूल किराए में 75 फीसदी छूट देनी चाहिए।