जालंधर। 18 महीने से सेलरी न देने पर जीएनडीयू, पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से जुड़े पंजाब के एडिड कॉलेजों ने 15 और 19 दिसंबर के एग्जाम का बायकॉट करने का फैसला लिया है। कॉलेज इन दोनों दिन अपने-अपने सेंटर में एग्जाम नहीं लेंगे। यही नहीं, कॉलेजों ने यह भी कहा कि वे रिवेल्युएशन एग्जाम भी नहीं लेंगे। यह जानकारी खालसा कॉलेज में हुई प्रिंसिपल एसोसिएशन की मीटिंग में दी गई।
जीएनडीयू के 15 और 19 को एग्जाम
15 दिसंबर : (मॉर्निंग शिफ्ट) - बीए, बीकॉम, बीएससी थर्ड सेमेस्टर - जनरल इंग्लिश । (ईवनिंग शिफ्ट) - बीसीए फिफ्थ सेमेस्टर एमएससी कंप्यूटर साइंस थर्ड सेमेस्टर। 19 दिसंबर - (मॉर्निंग शिफ्ट )बीए थर्ड ईयर फिजिकल एजुकेशन और कंप्यूटर साइंस ( ईवनिंग शिफ्ट)- बीकॉम रेगुलर, बीसीए और एमकॉम थर्ड सेमेस्टर
सरकार जल्द सेलरी दे नहीं तो संघर्ष की जिम्मेदार होगी
एसोसिएशन के प्रधान और डीएवी के प्रिंसिपल डॉ. बीबी शर्मा ने बताया कि जीजीएन खालसा कॉलेज लुधियाना में हुई मीटिंग में ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने साझे तौर पर दो दिन पेपरों का बायकॉट करने का फैसला लिया है। सरकार जल्द पैसे जारी करे नहीं तो ऐसे संघर्ष की जिम्मेदारी सरकार की होगी।
बिना सेलरी टीचर भूखे मरेंगे तो पढ़ाएंगे क्या: डॉ. वर्मा
एसोसिएशन की सेक्रेटरी और बीडीआर्य की प्रिंसिपल डॉ. सरिता वर्मा ने बताया कि हमारा विरोध सरकार से है। हम स्टूडेंट्स के भविष्य से खिलवाड़ नहीं कर रहे हैं बल्कि इसके जरिए हम बताना चाहते हैं कि अगर टीचर्ज की सेलरी सरकार ने नहीं दी तो टीचर भूखे मरेंगे और फिर किसी को कैसे पढ़ाएंगे।