संगरूर. पटियाला रोड स्थित अवानी टैक्सटाइल मिल के गोदाम में आग लग जाने से करोड़ों रुपए की कॉटन जलकर राख हो गई है। बेकाबू आग ने पूरी इमारत को भी ध्वस्त कर दिया है। तीन जिलों के दमकल कर्मी पांच फायर फाइटिंग गाड़ियों के साथ काबू पाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। सोमवार तक आग पर काबू पाए जाने की उम्मीद है। हालांकि आग लगने के कारणों की कोई ठोस वजह पता नहीं चली है। आशंका जताई जा रही है कि रात के समय आसमानी बिजली गिरने से आग लगी होगी।
पटियाला रोड पर गांव भिंडरा के पास यह गोदाम है। अवानी टैक्सटाइल्स के डायरेक्टर शिव कुमार गोयल ने बताया कि गोदाम में धागा बनाने के लिए कॉटन की करीब आठ हजार गांठों को स्टोर किया गया था। शनिवार की रात करीब 12.30 बजे यूनिट मैनेजर का फोन आया कि मिल गोदाम में आग लग गई है। इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंच गए। इधर, मिल का निजी दस्ता भी आग पर काबू करने की कोशिशें कर रहा है।
पौने दो कुंतल वजनी आठ हजार गांठे जलीं: गोयल
मिल के डायरेक्टर शिव कुमार गोयल ने बताया, गोदाम में प्रति पौने दो क्विंटल की करीब आठ हजार गांठों को स्टोर किया गया था। इससे मिल में धागा बनाया जाता है। आग से करीब 10 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। इधर, आग से गोदाम की इमारत भी पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। इमारत की दीवारों में दरारें आ गई हैं और लोहे की छत पिघल कर नीचे गिर गई है। फायर अफसर अमरनाथ सैनी ने बताया कि कॉटन के कारण आग अधिक भड़क रही है। कॉटन की गांठें आग से फटने के बाद आग को और भयंकर कर रही हैं।