भोगपुर। भोगपुर पुलिस थाना क्षेत्र और मोहल्ला श्री गुरु रविदास नगर वार्ड में श्री गुरु रविदास महाराज के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में लगाए होर्डिंग्स को कुछ शरारती तत्वों द्वारा फाड़ने का मामला सामने आया था। भोगपुर पुलिस द्वारा सभी आरोपियों पर कार्रवाई न करने पर वीरवार बाद दोपहर गुरु रविदास धर्म समाज के लोगों और बसपा ने भोगपुर पुलिस थाने के बाहर रोष प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम किया।
वीरवार बाद दोपहर करीब 3 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग जालंधर से पठानकोट मुख्य मार्ग पर प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाया गया जाम करीब पौने दो घंटे तक लगा रहा। प्रदर्शनकारी पंजाब पुलिस और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगी वाहनों की लंबी कतारें और जनता को हो रही असुविधा को देख एएसपी आदमपुर आईपीएस विवेकशील
सोनी को मौके पर पहुंचना पड़ा।
विवेकशील
सोनी और भोगपुर थाना के एसएचओ तरसेम लाल ने जब बाकी के तीन लोगों को भी गिरफ्तार कर मामला दर्ज करने की बात कही तब जाकर जाम समाप्त हुआ। विवेकशील सोनी और एसएचओ तरसेम लाल से बसपा नेता व पार्षद राकेश कुमार बग्गा और गुरु रविदास धर्म समाज के लोगों ने बात की तो उन्होंने कहा कि मंगत राज और हरदीप लाल रिक्की पर केस दर्ज किया गया है। अन्य तीन आरोपियों पर जांच के बाद कार्रवाई होगी।
विवेकशील सोनी ने कहा कि दो पर केस दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों पर जांच के बाद कार्रवाई होगी। पार्षद राकेश कुमार बग्गा ने कहा कि शुक्रवार सुबह अगर बाकी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार न किया तो तीन बजे फिर चक्काजाम किया जाएगा।
(फोटो- प्रदर्शनकारियों ने करीब तीन बजे जाम लगाया।)