पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जन्नत में रेस्क्यू: गर्भवती को बचाना था, पगडंडी पर उतारा हेलीकॉप्टर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(कश्मीर के हालात और आर्मी की कोशिशों को बयां करता यह फोटो)
जम्मू. एयरफाेर्स हो या आर्मी के पायलट। जम्मू-कश्मीर में दस दिन से अपनी जिंदगी खतरे में डालकर लोगों को बचा रहे है। "भास्कर' से बातचीत में उन्होंने साझा किए कुछ सबसे चुनौतीपूर्ण मिशन, जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे।
फिलिप्स जोएबी/नरहरी वी पायलट, चीता हेलिकॉप्टर
6 सितंबर को आॅपरेशन के लिए मंडाल इलाके में गए थे। एक गर्भवती महिला को शिफ्ट करना था। वह दर्द से तड़प रही थी। उसके परिजन नीचे से मदद के लिए चिल्ला रहे थे। हमें लैंड करने की जगह नहीं मिल रही थी। धुंध और बारिश। हमसे महिला का दर्द देखा नहीं गया। हमने सब कुछ भगवान भरोसे छोड़ा। एक छोटी-सी पगडंडी पर हेलिकॉप्टर को लैंड करवा लिया। नजदीक ही तवी का तेज बहाव था। तुंरत महिला तथा उसके परिजनों को चढ़ाकर उड़ान भर ली। कभी नहीं भूल सकते उस उड़ान को।
अजीत सिंह/शिव किरण पायलट, ध्रुव हेलिकॉप्टर
तीन दिन पहले की ही तो बात है। इलाके का ख्याल नहीं, लेकिन श्रीनगर के मकान पर लोगों की भीड़ देखी। रस्सी से लोगों को लिफ्ट करना शुरू किया। तभी एक आदमी के साथ दूसरे कई लोग लटक गए। लगा या तो ये गिरेंगे या फिर हेलिकॉप्टर का बैलेंस बिगाड़ेंगे। तुरंत एक व्यक्ति को हेलिकॉप्टर से उतारा गया, लोगों को समझाने के लिए। फिर एक-एक करके लोगों को शिफ्ट कर पाए। इसी बीच कुछ शरारती तत्व पत्थर भी फेंकने लगे। ऐसे में खुद से ज्यादा हेलिकॉप्टर की चिंता हो रही थी, कई लोग बैठे थे उसमें।
विंग कमांडर अनूप शर्मा- पायलट, एमआई-17 हेलिकॉप्टर
5 सितंबर को पाकिस्तान सीमा पर बीएसएफ के 23 जवान फंसे हुए थे। पोस्ट बह चुका था। पास ही तवी नदी बह रही थी। आसपास ऊंचे पेड़ होने की वजह से अपने हेलिकॉप्टर को 60 फीट ऊंचाई पर ले गए, लेकिन यहां उसे स्थिर रखना मुश्किल हो रहा था। चुनौती इतनी ही नहीं थी, यदि एक मीटर भी आगे जाते तो पाकिस्तानी सीमा में होते। बाढ़ के कारण बॉर्डर दिखाई भी नहीं दे रही थी। जवानों को रस्सी तक पहुंचने के लिए नदी में छलांग लगाना पड़ रहा था। तेज हवा के कारण रस्सी भी इधर-उधर हो रही थी। एक जवान आधी दूरी तक आकर दोबारा नीचे उतरने लगा। उसे खींचकर ऊपर लेना पड़ा। 4-5 जवानों को ही एक बार में ला पा रहे थे। वे डेढ़ घंटे खतरनाक और सबसे चुनौती भरे थे। बिहार में कोसी और उड़ीसा में आए तूफान से ज्यादा मुश्किल है यह ऑपरेशन।
आगे की स्लाइड्स में देखें, कश्मीर में बाढ़ के बाद बिगड़े हालातों की तस्वीरें..