श्रीनगर में 13 दिन बाद भी गलियों में भरा है बाढ़ का पानी।
श्रीनगर. श्रीनगर में पानी के कम होते ही राहत कार्य में तेजी आई है। मंगलवार को बचावकर्मियों ने बाढ़ में ढहे मकानों के मलबे से 8 शव निकाले। उधर, 13 दिनों बाद
जम्मू-श्रीनगर हाइवे तथा श्रीनगर-बारामूला ट्रेन रूट मंगलवार को खोल दिया गया। राहत सामग्रियों से भरे ट्रक अब सड़क मार्ग से सीधे श्रीनगर पहुंचने लगे हैं।
श्रीनगर के अंदरूनी इलाकों से जमा पानी निकालने के लिए 30 मोटर पंप लगाए गए हैं। जवाहर नगर, लाल चौक, बादामी बाग में अभी भी पानी निकालने का काम चालू है। उधर, जम्मू-श्रीनगर हाइवे मंगलवार को यात्रियों के लिए फिर शुरू कर दिया गया। अब कई राज्यों से ट्रकों में भेजी गई राहत सामग्री यहां पहुंचने लगी हैं। श्रीनगर में अब तक हवाई मार्ग से ही राशन तथा अन्य वस्तुएं पहुंचाई जा रही थीं।
सड़क मार्ग के खुलने से श्रीनगर से यात्री वाहनों को जम्मू आने की इजाजत होगी। इसके अलावा बारामूला ट्रेन रूट भी खोल दिया गया। कई जिलों की सड़कों को ठीक करके उन्हें जोड़ दिया गया है। बुधवार तक राज्य के सभी सड़क मार्गों को हाइवे से जोड़ दिया जाएगा। सेना और एनडीआरएफ की टीमों ने राज्य में अब तक दो लाख 40 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
अलगाववादी नेता छीन रहे बोट, राहत-झड़प का बना वीडियो
अलगाववादी नेता यासीन मलिक पर बाढ़ राहत के काम में बाधा डालने का आरोप है। युवा कांग्रेस का आरोप है कि यासीन ने राहत सामग्रियों से भरी नाव पर कब्जा कर लिया था। मकसद खुद राहत सामग्री को बांटने का श्रेय लेना था। इस मामले का वीडियो भी बनाया गया है। इसमें मलिक अपने समर्थकोंं के साथ बोट को छीनते तथा हमला करते दिखाए गए हैं।
सेना ने समय पर इलाज देकर बचाई बच्ची की जान
सेना ने समय पर इलाज देकर एक नन्ही जान को बचाया। उसके सिर पर गहरी चोट लग गई थी। इलाज के लिए उसे हेलीकॉप्टर से अनंतनाग से जम्मू ले जाया गया। यहां सेना के डाक्टरों ने उसका इलाज किया। 10 सितंबर को अनंतनाग में पांच साल की सारया बिलाल अपने परिजनों के साथ बाढ़ से बचने के लिए सुरक्षित जगह की तरफ जा रही थी। रास्ते में एक पेड़ गिर गया। इसकी एक बडी टहनी उसके सिर पर लग गई। डाक्टरों ने बताया कि उसके सिर पर गहरी चोट है। उसे इलाज की तुरंत जरूरत है। श्रीनगर में सभी रास्ते बंद थे। इस दौरान वायु सेना के एक हेलिकॉप्टर से उसे मदद मिली। दादी के साथ उसे जम्मू में सेना के अस्पताल ले जाया गया। अब वह ठीक है। यहां पर कुछ दिनों के इलाज के बाद उसकी हालत ठीक है।
आगे की स्लाइड्स में देखें, बाढ़ के बाद जम्मू के हालातों की तस्वीरें..