पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Khalsa College, Jalandhar, Punjab News, Crime News

खालसा कॉलेज से बीएसएफ चौक तक ग्रीन बेल्ट घोटाला

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जालंधर। डायनेमिक ग्रुप ऑफ काउंसलर्स ने खालसा कॉलेज से बीएसएफ चौक तक सड़क के दोनों ओर बनने वाली ग्रीन बेल्ट में घोटाले का आरोप लगाया है। ग्रुप का कहना है कि चार साल के लिए दिए गए ठेके के ज्यादातर काम अभी पेंडिंग हैं पर इसके खर्च की फाइल निगम के पास पहुंच चुकी है। बड़े अधिकारियों ने इसे पास भी कर दिया है। आरोप है कि ठेकेदार ने 40 रुपए का पौधा लगवाकर 818 रुपए का बिल भेजा है।

शुक्रवार को ग्रुप के नेता सुशील रिंकू, मेजर सिंह, बाल किशन बाली, अमित ढल्ल, हरसिमरनजीत सिंह बंटी, मोहिंदर सिंह गुल्लू ग्रीन बेल्ट देखने पहुंचे। उनके साथ भाजपा के बागी पार्षद दर्शन लाल भगत और बसपा समर्थक पार्षद विपिन कुमार भी थे।

सुशील रिंकू ने बताया कि जीटी रोड खालसा कॉलेज से लेकर बीएसएफ चौक तक दोनों ओर ग्रीन बेल्ट विकसित करने के लिए बीती 16 जुलाई को स्थानीय निकाय मंत्री भगत चूनी लाल ने उद्घाटन किया था।

टेंडर की जांच में पता चला कि काम अभी पूरा नहीं हुआ है। ठेकेदार ने 17 लाख 97 हजार 618 रुपए का बिल निगम को भेज दिया है। अभी फाइल डिप्टी कंट्रोलर फाइनांस एंड अकाउंट (डीसीएफए) के पास है। जेई से लेकर निगम कमिश्नर तक ने फाइल पर साइन कर दिए हैं।

बिल 818 का पौधा लगाया 40 रुपए का
आरोप है कि ठेकेदार ने ग्रीन बेल्ट में रेयर और स्पेसीमन पौधे लगाने का दावा करते हुए 818 रुपए प्रति पौधे का बिल भेजा है। ग्रीन बेल्ट में पौधा सिर्फ 40 से सवा सौ रुपए का लिवोस्टोनिया और बॉटल ब्रश कूपर लगाया गया है। रेयर पौधा तो एक भी नहीं लगाया गया है। इसका बिल 9 लाख 47 हजार 293 रुपए का भेजा है।

मलबा, डिसमेंटलिंग और भर्ती भी फर्जी
ग्रुप का आरोप है कि जहां पहले से ग्रीन बेल्ट है वहां भर्ती डालने के लिए मिट्टी का बिल 2 लाख 20 हजार 249 रुपए, मलबा उठाने का बिल 2 लाख 31 हजार 124 रुपए, डिसमेंटलिंग का 1 लाख 59 हजार 600 रुपए बिल डाला गया है। वहां न तो भर्ती की जरूरत थी, न ही मलबा हटाया गया है।

पहले ही फाइल डीसीएलए के पास ऑब्जेक्शन लगने के कारण रुकी हुई है। टेंडर पर जो सवाल उठे हैं उसकी जांच करवाई जाएगी। जरूरत पड़ी तो विजिलेंस से भी जांच करवाई जाएगी।
- सुनील ज्योति, मेयर

बिल अभी प्राथमिक स्टेज पर है। भुगतान नहीं किया है। किसी कोई आपत्ति हो तो वह पहले संबंधित अधिकारी के पास शिकायत दर्ज करवाए।
- कुलविंदर सिंह, सहायक कमिश्नर बीएंडआर

25 फीसदी काम अभी ठेकेदार की तरफ से किया जाना है। ठेकेदार ने जो बिल जमा करवाए हैं वह भी फाइनल नहीं है। रनिंग बिल हैं। पौधे शेड्यूल रेट के मुताबिक ही लगवाए गए हैं।
-राजेश भल्ला, जेई, नगर निगम

हमारी तरफ से अभी काम पूरा नहीं हुआ है। टेंडर के मुताबिक काम किया गया है। पौधे शेड्यूल रेट के हिसाब से लगाए गए हैं। मलबा और तोडऩे का काम भी जरूरत के अनुसार किया गया है।
- गुप्ता, ठेकेदार