पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बस अड्डे के पास शोरूम से 10 लाख के लैपटॉप चोरी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जालंधर. बस अड्डे से पिम्स की ओर जाती हमेशा चलने वाली सड़क पर स्थित इम्पेल इन्फोसिस के शोरूम का शटर उठा कर चोर 10 लाख के लैपटॉप चुरा ले गए। चोर रविवार सुबह 6 बजकर 12 मिनट पर शोरूम के बाहर पहुंचे और 31 मिनट में वारदात को अंजाम दिया। आते ही दो युवकों ने शोरूम के शटर के आगे चादर खोल कर पकड़ दी, ताकि आने-जाने वाले किसी व्यक्ति को चोरी का पता न चल सके। सभी चोर ट्रैक सूट और स्पोट्र्स शूज में थे। उनके पास बड़े-बड़े बैग थे। पुलिस कमिश्नर ईश्वर सिंह और डीसीपी राहुल एस. मौके पर पहुंचे। जसवंत नगर के रहने वाले शोरूम के पार्टनर मनीष नागपाल का कहना है कि करीब दस लाख का नुकसान हुआ है। नवंबर 2008 में इसी कंपनी के मॉडल टाउन गोदाम से करीब चालीस लाख के लैपटॉप चोरी हुए थे।

सीसीटीवी में यह बात सामने आई कि सुबह पांच बज कर 55 मिनट पर शोरूम का चौकीदार ड्यूटी खत्म कर चला जाता है। यह उसकी रुटीन है। बस अड्डे की ओर से आठ युवक आते दिखाई देते हैं। हाथ में बड़े-बड़े बैग थे, ताकि लोग समझे की यात्री हैं। शोरूम के बाहर 6:12 बजे सभी खड़े हो गए। शटर के सामने दो युवक चादर पकड़ कर खड़े हो गए। बाकी शटर को जैक से उठा देते हैं। इसमें सिर्फ दो मिनट लगे। सात लोग बाहर ही रहे। एक अंदर गया। चोर अंदर मुंह में मोबाइल दबाकर मोबाइल टॉर्च से लैपटॉप उठाता है। 6:26 बजे खाली बैग अंदर भेजे गए। 6:36 बजे अंदर वाले चोर को पता चला कि शोरूम में सीसीटीवी लगा है। फिर सभी ने मुंह पर हाथ रख लिया। उन्होंने डिजिटल वीडियो रिकॉर्डिंग (डीवीआर) ढूंढऩे का प्रयास भी किया, लेकिन मिला नहीं। चोर ने अंदर से ही अपने साथी को मिस कॉल दी। उसके साथी दौड़ कर दोबारा चादर लेकर 6:42 बजे गेट पर खोल कर खड़े हो गए। चोर अंदर से बैग लेकर बाहर आ गए। एक मिनट में सभी निकल गए। फुटेज में सड़क पर वाहन आते-जाते दिखाई देते हैं, लेकिन सुबह हल्की-हल्की धुंध भी नजर आ रही।